फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुलंदशहर हादसा: गांवों में 11 शवों के पहुंचते ही मचा कोहराम, चीखों ने चीर दिया कलेजा; रूह कंपा देने वाला मंजर

Tue, 26 Aug 2025 12:16 AM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज

सार

बुलंदशहर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव गांवों में पहुंचे तो कोहराम मच गया। महिलाएं रोते-रोते बेसुध हो गईं। मां-बेटों के शव एक साथ देख लोगों का कलेजा कांप गया। हर किसी की आंखें नम हो गईं। 
 
विज्ञापन
1 of 14
बुलंदशहर सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज जिले से जाहरवीर गोगाजी महाराज की जात करने के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की डबल डेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार की रात बुलंदशहर जनपद के खुर्जा में हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में पांच गांव के 11 लोगों की जान चली गई। वहीं, 52 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के शव उनके गांवों में पहुंचे तो मानो परिजन और संबंधियों की आंखों से आसुंओं का सैलाब बह निकला। असहनीय दुख से कराहते ग्रामीणों के गले से चीत्कार का करुण क्रंदन फूट पड़ा। भीषण हादसे में अपनों को गंवाने वाले गमगीन परिवारों को ढांढस बंधाना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा था। एक पल में घर के सदस्यों का साथ छूटने की वेदना झेल रहे परिजन भी नहीं समझ पाए कि अचानक यह सब क्या हो गया।

 
विज्ञापन

2 of 14
गांवों में शव पहुंचते ही मचा कोहराम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इस डबल डेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 67 श्रद्धालु सवार होकर राजस्थान के हनुमान गढ़ स्थित जाहरवीर गोगाजी महाराज की जात करने के लिए गए थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली रफातपुर गांव की थी इसमें गांव के ही सबसे अधिक 55 श्रद्धालु सवार थे। इनमें पुरुषों के अलावा महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। इनमें पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। एक परिवार के मां-बेटे थे। 

 
विज्ञापन

3 of 14
सड़क हादसे से कासगंज के गांव में पसरा मातम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भैंसोरा गांव के दो, बसंतनगर से तीन, मिलकिनिया से तीन और नगला बिहारी से चार श्रद्धालु गए थे। नगला विहारी के एक, बसंतनगर के दो, मिलकिनिया के एक और भैंसोरा के एक श्रद्धालु की मौत हो गई। कुल दस श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे में घायल हुए 52 श्रद्धालुओं का उपचार बुलंदशहर, अलीगढ़ और आसपास के चिकित्सालयों में चल रहा है। पांच अन्य श्रद्धालु मामूली रूप से चुटैल हुए। 

 

4 of 14
बुलंदशहर सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रात में ही हादसे की जानकारी गांव के लोगों को मिल गई। जैसे ही इस भीषण घटना की जानकारी गांवों में पहुंची वहां चीख-पुकार मच गई। रोत-बिलखते परिजन के चीत्कार से रात का सन्नाटा टूट गया। अपनों को खोने के दुख से कराहते परिजन का करुण क्रंदन सुनकर ग्रामीण तत्काल उनके घरों पर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश की। हालांकि दुख की इस घड़ी में उन्हें धैर्य बंधाना दुरूह साबित हो रहा था।

 
विज्ञापन

5 of 14
गांवों में नहीं सुलगे चूल्हे। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सुबह पौ फटने पर पूरे गांव सहित आसपास के गांव के लोगों को भी हादसे की जानकारी हुई तो लोग पीड़ित परिवारों के यहां पहुंचने लगे। सोमवार को दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचे तो चीत्कार कोहराम में बदल गया। बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम गांव में एकत्रित था। रफातपुर गांव के पांच लोगों की मौत हो गई। गांव की अलग-अलग गलियों में भीरा संख्या में भीड़ जुटी थी। 

 
विज्ञापन

6 of 14
बुलंदशहर सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मिलकिनया, बसंतनगर, नगला विहारी एवं भैंसोरा गांव में भी यही आलम था। गांव की गलियों में पसरा सन्नाटा भी चीत्कार से टूट गया। हादसा हर किसी को द्रवित कर रहा था। इससे हर किसी की आंख नम हो रही थी। रफातपुर में एक साथ पांच अर्थियां उठने से ग्रामीण बेहद आहत नजर आ रहे थे। सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन दामोदर वर्मा का कहना था कि पूरा गांव इस भीषण हादसे से आहत है। बहुत दुखद हादसा हुआ है। पहले कभी इस तरह का मंजर गांव ने नहीं देखा है। बेहद गमगीन माहौल में शवों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।


 
विज्ञापन

7 of 14
गांव में पहुंचे जनप्रतिनिधि। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मां बेटा की दोहरी मौत पर दो परिवारों पर टूटा कहर
जाहरवीर की जात को जाने वाले श्रद्धालुओं ने दो परिवारों से मां और बेटे की एक साथ मौत होने से दो परिवारों में कहर टूट गया। रफातपुर गांव में मां और बेटे की मौत की सूचना मिलने पर दूसरा बेटा प्रसव पीड़ा से कराह रही अपनी पत्नी को छोड़कर घटनास्थल पर पहुंच गया। रफातपुर गांव का विनोद (45) अपनी वृद्ध मां रामबेटी और दो बच्चों को लेकर जात करने गया था, लेकिन इस हादसे में मां-बेटे दोनों की मौत हो गई। यह जानकारी जब रात के समय विनोद के भाई रोहित को मिली तो वह बुलंदशहर के लिए रात में ही रवाना हो गया जबकि उसकी पत्नी प्रसव पीड़ा को लेकर परेशान थी। परेशान पत्नी को हादसे की जानकारी भी नहीं दी गई।
 

8 of 14
बुलंदशहर सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बसंतनगर में भी ईपू बाबू अपनी मां मोहरश्री व अन्य परिजनों को लेकर जात को गए थे, लेकिन ईपू और मोहरश्री दोनों की ही मौत हो गई। दोनों ही परिवारों से मां व बेटों की अर्थियां एक साथ उठीं तो माहौल बेहद गमगीन हो गया।


 

9 of 14
गांव में पहुंचे आला अधिकारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बहन-बहनोई के साथ जात पर गया था लेखराज
बुलंदशहर हादसे में जान गंवाने वाले भैंसोरा बुजुर्ग निवासी लेखराज पुत्र नेम सिंह ई-रिक्शा चलाते थे। पत्नी लक्ष्मी हादसे में घायल है। उनका उपचार चल रहा है। दंपती की कोई संतान नहीं है। वह बहन कमलेश और बहनोई विद्याराम निवासी रफातपुर के साथ जाहरवीर की जात करने के लिए गए थे।

 

10 of 14
गांव में मचा कोहराम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उनकी मौत खबर देर रात घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। सुबह गांव के लोगों को हादसे की जानकारी मिली तो उनके घर पर रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। मां किरन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन उन्हें ढांढस बांधते रहे, लेकिन उनके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे। वह अपने लाल को याद कर बार-बार सुबुकती रहीं। शाम को शव घर पहुंचा तो चीत्कार मच गया। घर की महिलाएं शव देखकर बदहवास हो गई। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

 

11 of 14
एक साथ जलीं चिताएं। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम के निर्देश के बाद आर्थिक सहायता देने की तैयारी में जुटा प्रशासन
ट्रैक्टर ट्रॉली हादसे में मौत का शिकार होने वालों व घायलों के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी जबकि गंभीर घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। अन्य घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा। डीएम प्रणय सिंह ने इस संबंध में एसडीएम सदर को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। पीड़ितों के गांव पहुंचकर डीएम ने मृतकों के आश्रितों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और शीघ्र आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया। डीएम के निर्देश के बाद तहसील की टीम आश्रितों के खाते आदि की जानकारी ले रही है। इससे शीघ्र ही आर्थिक सहायता की धनराशि उनके खाते में पहुंचा दी जाए। एसपी अंकिता शर्मा भी डीएम के साथ ढांढस बंधाने पहुंची। सोरोंजी कोतवाली पुलिस को ग्रामीणों की मदद के निर्देश दिए।


 

12 of 14
बुलंदशहर सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घायलों के नाम
रघुवीर (60), हरिसिंह (60), प्रिंस (8), मूलचंद (17), दिव्या (14), शकुंतला (65), मुस्कान (6), जितेंद्र (18), पूरन सिंह (40), कमल (6), रेशम देवी (60), आकाश (23), शिवचरण (21), रामचरण (30), अनन्या (10), कंचन (60), रमेश चंद्र (60), भूदेवी (60), खुशबू (20), गनेश (28), जशोदा (40), खेमकरण (60), लक्ष्मी (30), भानू (12), सचिन (10), क्षय सिंह (32), नीरज (35), अर्चना (8), बाबूराम (66), पार्वती (40), खेमकरन (65), रजनेश (60) निवासी रफातपुर, थाना सोरों, जनपद कासगंज, पातीराम (75), प्रमोद (32), मौसम (10) निवासी आनंदपुर, थाना सोरों, जनपद कासगंज, रजनीश (25) निवासी हथनापुर जनपद फर्रुखाबाद, संध्या (20) निवासी मिलकिनिया, अजय (28) निवासी मोहम्मदपुर जवाहरपुर, बदायूं, संदीप (7) निवासी आवास विकास कॉलोनी जनपद कासगंज, सुरेंद्र (34) निवासी मिलकिनिया, दिव्यांशु पुत्र विजय (8) निवासी नागल भूड़ा जखादपुर, सोरों, विजय (30) निवासी नागल भूड़ा जखादपुर, सोरों, रूबी (27) निवासी मोहम्मदपुर जवाहरपुर बदायूं हैं।

 

13 of 14
ढांढस बंधाने पहुंचे जनप्रतिनिधि। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इनकी गई जान
01-ईयू बाबू (उम्र-40 वर्ष) निवासी मिलकिनिया थाना सोरों जनपद कासगंज (ट्रेक्टर चालक) 
02-रामबेटी पत्नी सोरन सिंह(उम्र-65 वर्ष,महिला) निवासी रफातपुर थाना सोरों जनपद कासगंज
03- चांदनी पुत्री कालीचरण(उम्र-12 वर्ष,महिला) निवासी रफातपुर थाना सोरों जनपद कासगंज
04.घनीराम (उम्र-40 वर्ष) निवासी मिलकिनिया थाना सोरों जनपद कासगंज
05- मोक्षी(उम्र-40 वर्ष) निवासी मिलकिनिया थाना सोरों जनपद कासगंज
06- शिवांश पुत्र अजय (उम्र-06 वर्ष) निवासी मिलकिनिया थाना सोरों जनपद कासगंज
07- योगेश पुत्र रामप्रकाश (उम्र-50 वर्ष) निवासी रफातपुर थाना सोरों जनपद कासगंज
08-  विनोद पुत्र स सोरन सिंह(उम्र-45 वर्ष) निवासी रफातपुर थाना सोरों जनपद कासगंज
09-रामचरन पुत्र विद्याराम निवासी कासगंज
10- उमाशंकर पुत्र सोनपाल निवासी कासगंज
11-लखराज सिंह पुत्र नेम सिंह निवासी कासगंज


 
विज्ञापन

14 of 14
बुलंदशहर सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ऐसे हुआ हादसा
यूपी के बुलंदशहर के खुर्जा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। नेशनल हाईवे 34 पर अरनिया इलाके के घटाल गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्रॉली सवार श्रद्धालुओं में से 11 की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। हादसे की सूचना पर आला अधिकारी माैके पर पहुंच गए। घायलों को इलाज के अस्पताल भेजा।

ये भी पढ़ें-UP: पांचवीं के छात्र की मिली लाश...गले पर ऐसे निशान, नाक से बह रहा था खून; बगल में सो रही बहन को नहीं लगी भनक

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें