आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी और एनकाउंटर में मारे गए अपराधी विकास दुबे के चौबेपुर स्थित बिकरू गांव में आजादी का जश्न कुछ फीका नजर आया। गांव में पहले की तरह रौनक नहीं दिखाई दी। हालांकि शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया।
बता दें कि दो जुलाई की रात को बिकरू गांव में विकास दुबे के घर दबिश देने पहुंची पुलिस की टीम पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने हमला कर दिया था। जिसमें सीओ देवेंद्र मिश्रा सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। यूपी एसटीएफ ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए विकास दुबे सहित उसके पांच साथियों को मुठभेड़ में मार गिराया था।
अभी तक पुलिस इस मामले में 20 से अधिक लोगों को जेल भेज चुकी है। विकास के तीन साथियों ने सरेंडर भी किया है। वहीं इस घटना में शामिल कई बदमाश अभी तक फरार चल रहे हैं। जिन्हें ढूंढने के लिए यूपी एसटीएफ की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।