यूपी के कानपुर जिले के बकरू में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर फरार हुए मुख्य आरोपी विकास दुबे को लेकर रोजाना नए नए खुलासे हो रहे हैं। विकास दुबे के इतने चेहरे हैं कि उसे अच्छे-अच्छे नहीं पहचान पाएं। दुश्मनी निभाने में उसने अपने सगे संबंधियों तक को नहीं छोड़ा। विकास के जीवन का यही फलसफा रहा कि बाप बड़ा न भैया सबसे बड़ा रुपैया। दौलत के लिए विकास अपनों की हत्या करने से भी नहीं चूका। विकास का न सिर्फ चचेरे भाई की हत्या में उसका हाथ रहा, बल्कि प्रेमिका से पत्नी बनी युवती और उसके भाई तक का भी जानी दुश्मन बन गया। इन दोनों की हत्या के लिए वह लंबे समय तक प्रयासरत रहा। आखिरकार विकास के भय की वजह से युवती उसकी शरण में आ गई और भाई हमेशा के लिए यूपी छोड़कर भाग गया।