उन्नाव बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के संडीला मार्ग पर एक सप्ताह पहले शारदा नहर में गिरी कार में सवार व्यापारियों में पांचवें व्यापारी का शव मंगलवार सुबह घटनास्थल से 25 किलोमीटर दूर सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में लिलौरी नहर पुल में फंसा मिला। पुलिस ने मृतक के परिजनों को बुलाकर पहचान कराई। मृतक के कपड़ों में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व 1590 रुपये मिले हैं। उसके रिवाल्वर का कहीं पता नहीं चला। शव मिलने के बाद घटना को लेकर हो रही चर्चाओं पर विराम लग गया।