उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 3 सितंबर को एक खेत से खुदाई के दौरान खजाना निकलने के बाद गांव के लोग आज भी पुलिस से बचकर अपने खेत पहुंचने के फिराक में हैं। जिस स्थान पर सोने-चांदी के सिक्के निकले थे वहां पर पुलिस तैनात है और अभी भी पुरातत्व विभाग की टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। बताते चलें कि 3 सितंबर को एक खेत से खुदाई के दौरान मुगलकालीन सोने और चांदी के सिक्के मिले थे। सोने के सिक्कों पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा हुआ है। सिक्के काफी वजनदार है पर पुराने होने के बाद भी चमक रहे हैं। औरैया के ग्राम बादशाहपुर छेउक में 2 सितंबर गुरुवार को दीपू (25) अपने घर के पास खेत में खुदाई कर रहा था। अचानक खुदाई के दौरान उसका फावड़ा किसी चीज से टकराया। दीपू ने जब हाथों से मिट्टी हटाकर देखा तो उसको 16 सोने व 2 चांदी के सिक्के मिले।