यूपी के जालौन जिले से कालपी के भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह जादौन के मोबाइल व्हाट्स एप पर धमकी भरे संदेश आए। संदेश भेजने वाले ने खुद अली बुदीश भाई बताते हुए विधायक से तीन दिनों के भीतर 10 लाख रुपये देने की धमकी दी है। रुपये न देने परिवार के एक-एक सदस्य की हत्या करने की भी धमकी दी है। बुधवार की सुबह ही बेटों के साथ कोतवाली पहुंचे विधायक ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
2 of 4
कोतवाली में तहरीर देते हुए विधायक
- फोटो : अमर उजाला
विधायक जादौन ने बताया कि मंगलवार रात 1 बजकर 33 मिनट पर उनके व्हाट्स एप पर पहला मैसेज आया जिसमें लिखा था कि हम आपके साथ गपशप करने नहीं आए है, मैं हूं अली बुदीश भाई। इसके बाद आए संदेशों में भेजने वाले ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की और न देने पर परिवार के सभी सदस्यों की एक-एक कर हत्या करने की धमकी दी। संदेश भेजने वाले ने यह भी लिखा है कि उसे पता है कि रुपयों का इंतजाम तब तक नहीं किया जाएगा जब तक परिवार में पहली लाश नहीं बिछ जाएगी। आखिरी संदेश में धमकी देने वाले ने लिखा है कि आपके पास सिर्फ तीन दिन हैं, मेरा आदमी आपके पास है, समय बर्बाद मत करो। संदेश पढ़ते ही विधायक और उनके परिवार के लोगों के होश फाख्ता हो गए। बुधवार सुबह होते ही बेटों राघवेंद्र और विपलेंद्र के साथ विधायक कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देने के साथ तहरीर भी दी है। कोतवाल ने उन्हें जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस-एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि विधायक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकी देने व आईटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। संदेश भेजने वाले का पता किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि एक साथ प्रदेश के कई विधायकों को ऐसे ही संदेश मिले हैं, लिहाजा इसमें किसी की शरारत भी हो सकती है। फिर भी मामले को गंभीरता पूर्वक लिया गया है।
विज्ञापन
3 of 4
विधायक कालपी का आवास
- फोटो : अमर उजाला
पहुंचने के बजाए फोन पर हाल लेते रहे एसपी
विधायक सुबह करीब 8 बजे ही कालपी कोतवाली पहुंच गए थे, लेकिन वहां पर सिर्फ उस वक्त कोतवाल ही मौजूद थे। सीओ और एसपी कोई भी बड़ा अधिकारी कोतवाली में विधायक की बात तक सुनने नहीं पहुंचा। एसपी अमरेंद्र प्रसाद भी सिर्फ बार बार विधायक के मोबाइल पर फोन करके ही उनसे घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे।
परिवार को धमकी, आवास पर सिपाही तक नहीं
सुबह के वक्त जब पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो उस वक्त भी पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। संदेश में साफ लिखा था कि परिवार के एक-एक सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद भी विधायक के कालपी और ऊसरगांव स्थित किसी भी आवास पर पुलिस का एक सिपाही भी सुरक्षा के नाम पर भेजना मुनासिब नहीं समझा गया। परिवार के लोग दहशत में घरों के भीतर ही रहे।
70 साल की उम्र पर भारी पड़े सात मिनट
विधायक के फोन पर पहला संदेश 1 बजकर 33 मिनट पर और आखिरी संदेश 1 बजकर 40 मिनट पर आया। करीबियों की मानें तो रात के यह सात मिनट करीब 70 साल के विधायक जादौन की जिंदगी से सबसे भारी गुजरे। वे रात भर जैसे तैसे परिवार के सदस्यों को समझाते-बुझाते रहे और सुबह होते ही सीधे सबसे पहले कोतवाली के लिए ही रवाना हुए।
आलाधिकारियों को भी किया ट्वीट
पुलिस सूत्रों की मानें तो दोपहर के वक्त मामले की गंभीरता को देख हरकत में आई पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की बल्कि पूरे मामले को डीजीपी और एडीजी को ट्वीट कर अवगत कराया। अधिकारियों का कहना है कि पल-पल की जानकारी से लखनऊ को भी अवगत कराया जा रहा है।
दहशत में परिवार, सीएम से की गुहार
मोबाइल के संदेशों को पढ़कर विधायक की पत्नी कालिंद्री, उनकी बहुएं नीरज, अंजू और बच्चे भी दहशत में आ गए हैं, लेकिन वे बार बार विधायक को ढांढस ही बंधाते रहे। कोतवाली में तहरीर देने के बाद विधायक सीधे लखनऊ रवाना हो गए। करीबियों का मानना है कि विधायक सीएम से मिलकर धमकी देने वाले को पकड़ने और परिवार की सुरक्षा की गुहार करेंगे।
ऐसे चला धमकियों का सिलसिला
- रात 1 बजकर 33 मिनट पर पहला मैसेज
- 1 बजकर 33 मिनट पर ही वीडियो काल, जिसे विधायक ने उठाया नहीं।
- 1 बजकर 33 मिनट पर ही दूसरा मैसेज, जिसमें नाम बुदीश लिखा था।
- 1 बजकर 34 मिनट पर तीसरा मैसेज, जिसमें 10 लाख की मांग की गई।
- 1 बजकर 35 मिनट पर चौथा मैसेज, जिसमें लाशें बिछाने की बात कही गई।
- 1 बजकर 38 मिनट पर पांचवां मैसेज, जिसमें तीन दिन बाद हत्या का सिलसिला शुरू करने की धमकी।
- 1 बजकर 40 मिनट पर छठा और आखिरी मैसेज, जिसमें समय बर्बाद न करने की सलाह दी गई।
अमेरिका से आया फोन, आतंकी हरकत का अंदेशा
सुबह तक पुलिस भले ही मामले को हल्के में ले रही हो, लेकिन शाम होते होते जब प्रदेश के अन्य जिलों से भी ऐसे ही धमकी भरे फोन काल की सूचनाएं आने लगी तो पुलिस महकमा भी इसे आतंकी साजिश बताकर मोबाइल नंबर भी अमेरिका का होने की चर्चा करने लगा।