हमीरपुर जिले में राठ के सिकंदरपुरा मोहल्ले में तीन दिन पहले घर के बाहर से अपहृत युवक का शव मझगवां थाना क्षेत्र के जंगल में मिला है। हत्या से पहले तीन लाख की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने अपहरण और फिरौती के मामले में गुमशुदगी दर्ज की थी।
नगर के सिकंदरपुरा मोहल्ला चरखारी रोड निवासी श्रीदेवी ने बताया मंगलवार दोपहर बाइक सवार कुछ लोग घर के बाहर पुलिया पर खड़े उनके पुत्र सर्वेश कुमार (19) को अगवा कर ले गए थे। परिजनों ने खोजबीन करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
शाम को अनजान नंबर से फोन आया, जिस पर सर्वेश कुमार ने अपहर्ताओं द्वारा तीन लाख रुपये मांगने की मां को जानकारी दी। श्रीदेवी ने पुलिस में शिकायत करने की बात बताते हुए बेटे सर्वेश को हौसला बंधाया। फोन पर पुलिस की बात सुनते ही अपहर्ताओं ने सर्वेश के साथ मारपीट की। मां फोन पर बेटे की चीखें सुन कांप उठी।