करोड़ों की टैक्स चोरी के आरोपी आनंदपुरी निवासी इत्र कारोबारी पीयूष जैन को रिमांड मजिस्ट्रेट योगिता कुमार की अदालत ने 10 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सोमवार को पीयूष को अदालत में पेश कर डीजीजीआई (महानिदेशालय जीएसटी इंटेलिजेंस) अहमदाबाद की टीम ने उसे जेल भेजने की मांग की, जिसका बचाव पक्ष ने विरोध किया।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने पीयूष का रिमांड मंजूर कर लिया। जीएसटी के विशेष लोक अभियोजक अंबरीश टंडन ने कोर्ट में तर्क रखा कि पीयूष की कानपुर में त्रिमूर्ति फ्रेगरेंस और कन्नौज में ओडोकेम इंडस्ट्रीज नाम से दो फर्म हैं।
उसके आनंदपुरी स्थित घर से डीजीजीआई अहमदाबाद की टीम के छापे में 177.45 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद रकम कानपुर एसबीआई की मुख्य शाखा में जमा करा दी गई है। जांच अभी जारी है। कन्नौज में भी नकदी, सोना और चंदन का तेल बरामद हुआ है। सात जगहों पर छापेमारी में पीयूष पर लगभग 31.50 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला बना है।