कानपुर में गांधीनगर स्थित गणेश पार्क के पास हुए विस्फोट की दहशत देर रात तक दिखी। यहां के लोगों दिवाली पर पटाखे तक नहीं फोड़े। त्योहार सादगी के साथ मनाया। मोहल्ले में इस घटना को लेकर देर रात तक चर्चा होती रही। यहां के निवासियों ने बताया कि गुरुवार सुबह सभी त्योहार की तैयारी में लगे थे। कोई पूजन का सामान एकत्र कर रहा था, तो कोई मिठाई, पटाखे खरीदने में व्यस्त था।
अचानक तेज विस्फोट हुआ और सभी दहशत में आ गए। सुरेंद्र के बच्चों की चीत्कार सुनकर हर किसी का दिल दहल गया। घरों के बाहर आकर देखा, तो मंजर इतना खौफनाक था कि कई महिलाएं और बच्चे तो चीख पड़े। राजेंद्र नाथ शुक्ला राजू ने बताया कि वह घर पर पूजा की तैयारी कर रहे थे, तभी विस्फोट हुआ। पता किया तो पूरे मामले की जानकारी हुई। आनन-फानन मौके पर पहुंचे।