फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रील लाइफ का विलेन रीयल लाइफ में हत्यारा!, पुलिस के गले नहीं उतरी 'सावधान इंडिया' के अनुभव की कहानी

Mon, 01 Oct 2018 07:34 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

-त्रिकोणीय प्रेम संबंधों में दोस्त ने साथी संग रस्सी से घोटा था गला
-वारदात में प्रयुक्त कार और स्कूटी भी बरामद, आरोपी भेजे गए जेल
विज्ञापन
1 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला
टीवी सीरियल 'सावधान इंडिया' से अपराध के प्रति सचेत करने वाला कलाकार रियल लाइफ में हत्यारा निकला। अब वह दिन दूर नहीं जब इस सीरियल में उसकी करतूत भी दिखेगी। यूपी के कानपुर में पुलिस ने पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय अक्षय वर्मा उर्फ निक्की की हत्या में उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त कार और स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक त्रिकोणीय प्रेम संबंध में हत्या की गई थी।

दर्शनपुरवा निवासी अक्षय वर्मा 23 सितंबर की रात लापता हुआ था। परिजनों ने 24 को फजलगंज थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसी दिन अर्मापुर नहर में उसका शव बोरे में मिला था, लेकिन शिनाख्त 25 को पोस्टमार्टम हाउस में हुई। एसपी कंट्रोल रूम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि परिजनों के दोस्त हर्ष पर शक जताए जाने के बाद अक्षय का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लिया गया। लोकेशन के आधार पर हत्यारों का सुराग लगा। इसके बाद सीसामऊ के गांधी नगर निवासी टीवी कलाकार अनुभव जायसवाल, आकाश साहू उर्फ मुल्लू और अजीत कुमार उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मुल्लू के इलाहाबाद के मुंडेरा में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध है।
विज्ञापन

2 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड
अक्षय ने उसके मोबाइल से युवती का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और फिर बात करने लगा। नजदीकियां बढ़ने से मुल्लू को शक हुआ तो उसने अक्षय को दूर रहने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। उल्टा उसे व्हाट्सएप और फेसबुक पर धमकाने लगा। एक बार मुल्लू ने प्रेमिका के साथ फेसबुक पर फोटो पोस्ट की तो अक्षय ने अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद मुल्लू ने उसे सबक सिखाने की ठान ली। साजिश के तहत 22 सितंबर को वह अक्षय के घर पहुंचा और फिर गोल चौराहा रावतपुर में चाय पीने के बहाने उसे स्कूटी से साथ ले गया। उसी दौरान अक्षय के मोबाइल की बैट्री खत्म हो गई।

मुल्लू चार्जर देने की बात कहकर उसे अपने घर ले गया। वहां पहुंचकर मोहल्ले के चाचा अजीत कुमार उर्फ मुन्ना के साथ उन दोनों ने शराब पी। नशा होने पर अक्षय वहीं सो गया। देर रात करीब 2:30 बजे मुल्लू और मुन्ना ने मिलकर रस्सी से अक्षय का गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव बोरे में भरा और अनुभव को फोनकर कार लाने के लिए कहा। फिर कार की डिकी में शव रखकर अर्मापुर नहर में फेंक आए थे। 
 
विज्ञापन

3 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड
शराब कारोबार से भी जुड़ा है अनुभव...
गांधी नगर निवासी अनुभव जायसवाल के पिता प्रसून कुमार जायसवाल केडीए के रिटायर्ड सहायक अभियंता हैं। अनुभव शराब के कारोबार से जुड़ा है। आर्य नगर स्थित मॉडल शॉप के साथ ही शहर में उसकी कई दुकाने हैं। उसने 2011 टीवी की दुनिया में कदम रखा। उसने 'न आना इस देश में लाडो', 'सावधान इंडिया' और 'सपने सुहाने लड़कपन के' समेत कई धारावारिकों में काम किया है। वह सावधान इंडिया के करीब 12 एपीसोड में बतौर हीरो और विलेन भूमिका निभा चुका है। पुलिस का कहना है कि अनुभव शातिर दिमाग का है। अपराध से जुड़े सीरियल में काम करके वह कानून की बारीकियों को भली-भांति जानता था। डीडी वन पर भी गुड़िया नाम के धारावाहिक में वह अभिनय करने वाला था। इसकी शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है। 
 

4 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड
क्रिकेटर की हत्या पर बने सीरियल में किया था विलेन का रोल
वर्ष 2011 में यूपी अंडर-13 के एक खिलाड़ी का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। इटावा के रहने वाले इस क्रिकेटर की रिहाई के लिए लखनऊ के नाका थानाक्षेत्र के एक पीसीओ से फोन कर फिरौती मांगी गई थी। क्रिकेटर का आखिरी लोकेशन भी इसी इलाके में मिला था। मामले की जांच तत्कालीन नाका थाना प्रभारी अजीत सिंह चौहान (वर्तमान में सीओ नजीराबाद) को सौंपी गई थी। सीओ ने बताया कि क्रिकेटर के अपहरण और हत्या की कहानी पर सावधान इंडिया ने एपिसोड बनाया था। इसमें अनुभव जायसवाल ने विलेन का रोल किया था। उसी को अपहरण और हत्या को अंजाम देते दिखाया गया था। इस सीरियल को याद करके अनुभव की आंखें भर आईं। बोला, सीरियल में उसने हत्या करने वाले बदमाश का किरदार निभाया था, अब असल जिंदगी में वैसा ही हुआ है।
 
विज्ञापन

5 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड
खेल कुछ और तो नहीं, पुलिस कर रही जांच
टीवी कलाकार अनुभव जायसवाल पुलिस और मीडिया के सामने खुद को बेकसूर बताता रहा। कहता रहा कि उसने अपराध नहीं किया, गलती की है। दोष केवल इतना है कि अक्षय की हत्या और कार से शव फेंके जाने की जानकारी उसे थी, लेकिन उसने पुलिस को नहीं बताया। अनुभव की बताई कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है। एक पुलिस अफसर का कहना है कि अनुभव का हत्या में परोक्ष या अपरोक्ष रूप से शामिल रहा है या केवल शव को ठिकाने लगाने में, यह विवेचना के बाद ही साफ होगा।
विज्ञापन

6 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड
अनुभव ने बताया कि मुल्लू बीकॉम तक पढ़ा है। वह खुद बीएससी है। एक मोहल्ले में रहने के नाते उसकी और मुल्लू की दोस्ती है। कई साल से मुल्लू उसके घर का कामकाज देखता है। इस त्रिकोणीय प्रेम कहानी की उसे जानकारी थी। मुल्लू बहाने से उसकी स्कूटी ले गया था। देर रात मुल्लू ने उसे फोन कर कहा था कि विजय नगर एक दोस्त से मिलने चलना है, कार लेकर आ जाओ। वह अक्सर मुल्लू के साथ आता-जाता था, इसलिए चला गया। मौका पाकर मुल्लू ने कार की डिकी में अक्षय का शव रख दिया। वह मुन्ना को बैठाकर विजय नगर की तरफ चल दिया। मुल्लू स्कूटी से गया था। रास्ते में मुन्ना ने शव रखे होने की जानकारी उसे दी। पुलिस का कहना है कि मुल्लू ने अक्षय का शव ठिकाने लगाने का जुर्म अपने और मुन्ना के ऊपर लिया है। वह अनुभव को बेकसूर बताकर उसे बचाने की कोशिश करता रहा। मुल्लू और अनुभव की कॉल डिटेल व मोबाइल की लोकेशन देखी जा रही है। इसके बाद अनुभव का रोल साफ हो सकेगा। यह भी संभव है कि अनुभव धनी है, इसलिए मुल्लू ने सारा दोष अपने ऊपर ले लिया हो। 
विज्ञापन

7 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड
ऐसे हुई थी दोस्ती
मुल्लू ने बताया कि वह और अक्षय दोनों ही चरस-गांजा पीते थे। नशेबाजी के दौरान ही दोनों की दोस्ती हुई थी। इसके बाद वे लोग लेनिन पार्क में बैठकर घंटों लूडो खेलते थे। साथ ही गांजा-चरस और शराब पीते थे। इससे दोनों में गहरी दोस्ती हो गई थी।

महिलाओं को देख कर भागे
अनुभव ने बताया कि वे लोग पहले अर्मापुर के जंगल में अक्षय का शव फेंकने गए थे। वहां अचानक दो महिलाओं के आने से वे लोग कार लेकर भाग निकले थे। इसके बाद मौका पाकर अर्मापुर नहर में शव फेंक दिया था।  

पुलिस को दिया लालच
अनुभव के परिचित रात भर फजलगंज थाने में डटे रहे। परिचितों ने उसे बचाने के लिए पुलिस को रुपये का लालच भी दिया। लेकिन पुलिस ने किसी की भी नहीं सुनी और अनुभव को जेल भेज दिया। 
विज्ञापन

8 of 8
पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड
मिस कॉल से दोस्ती 
मुल्लू ने बताया कि करीब आठ साल पहले उसके मोबाइल पर मिस कॉल आई थी। उसने युवती को फोन किया और फिर दोनों में बातचीत होने लगी। प्रेम संबंध भी हो गए। युवती के पिता दिल्ली में एक निजी संचार कंपनी में नौकरी करते हैं। युवती पढ़ाई कर रही है। 

अजीत सिंह चौहान, सीओ नजीराबाद ने बताया कि, अक्षय की गुमशुदगी को हत्या, साक्ष्य छिपाने और साजिश रचने की धारा में बदला गया है। इसी के तहत तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। देर शाम आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें