अमर उजाला संवाद में सांसद सत्यदेव पचौरी
- फोटो : अमर उजाला
महानगर कानपुर लोकसभा क्षेत्र का सांसद बनने के बाद सत्यदेव पचौरी शनिवार को पहली बार शहर के लोगों से मुखातिब हुए। उन्होंने अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों की तरफ से मिले ढेरों सुझाव को अमल में लाने की बात कही। शहर की कई प्रमुख समस्याओं की तरफ उनका ध्यान खींचा गया, जिस पर उन्होंने क्रम से कार्य करने का आश्वासन दिया।
फजलगंज स्थित अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद में उद्यमी, कारोबारी, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के लोगों, महिलाओं, छात्रों, युवाओं, कई संगठनों से जुड़े लोगों ने शिरकत की। इस दौरान शहर की कई मुख्य समस्याओं पर सांसद का ध्यान खींचा गया जिसमें रोजाना लगने वाले जाम, मंधना रेल लाइन को शिफ्ट करने, आए दिन होने वाली मनमानी खुदाई, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार की समस्या जैसे अनेक बिंदु उठाए गए।
साहित्य, संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शहर में कला दीर्घा की स्थापना कराए जाने का सुझाव भी रखा गया। इस मौके पर उद्यमियों की समस्याओं और सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए उद्योग विभाग और एफएफडीसी केअधिकारी भी मौजूद रहे। सांसद पचौरी ने कहा कि वे आगे भी शहर को बेहतर बनाने और लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए लगातार शहरवासियों से सुझाव लेते रहेंगे।
सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि अमर उजाला केसंवाद कार्यक्रम के जरिए लोगों की तरफ से जो भी शिकायतें, सुझाव दिए गए हैं, उन पर समय-समय पर आकर जानकारी देते रहेंगे। इसके अलावा लोगों केऔर भी जो सुझाव होंगे, उनको भी अमर उजाला के माध्यम से प्राप्त करते रहेंगे।
इस मसले को संसद में उठाया जाएगा
सवाल: शहर में आवारा जानवरों के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रहती है। शेष नारायण त्रिवेदी, कपड़ा व्यापारी
जवाब: आवारा जानवरों को पकड़ने के लिए नगर निगम से कहा जाएगा।
सवाल: मलिन बस्ती, नगर निगम समेत सरकारी स्कूलों के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए कई डॉक्टर मिलकर प्रोजेक्ट रोशनी चलाना चाह रह रहे हैं। इसके लिए जमीन की व्यवस्था सरकार कर दें । - डॉ. अवध दुबे
जवाब: बहुत अच्छा प्रोजेक्ट है। इसे शुरू कराने में मदद करेंगे। जल्द ही इस पर बैठक करके चर्चा की जाएगी। जमीन या कोई स्थान उपलब्ध कराएंगे जहां पर क्लीनिक आदि खुल सके।
सवाल: लघु और मध्यम औद्योगिक इकाइयों के लिए कई नीतियां हैं लेकिन इनका क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं होता है। इन दोनों क्षेत्रों के लिए अलग से नीति बने। - आलोक अग्रवाल, उद्यमी
जवाब: इस मसले को संसद में उठाया जाएगा। समस्याओं का समाधान होगा।
सवाल: शहर में सड़कों की हालत अच्छी नहीं है। जगह-जगह खुदाई से परेशानी है। - देविका मुखर्जी, समाजसेवी
जवाब: समस्या को लिखकर दें, संबंधित विभाग के अफसर से समाधान कराया जाएगा।
इस संबंध में केंद्रीय मंत्री से वार्ता की जाएगी
सवाल: बीमार उद्योगों को चलाने में बैंक वाले सहयोग नहीं करते हैं। इसके लिए कमेटी बनाई जाए। - उमंग अग्रवाल, उद्यमी
जवाब: समस्या की जानकारी है। प्रयास होगा कि उनका समाधान जल्द हो। बैंक स्तर से होने वाली समस्याओं की जानकारी करेंगे।
सवाल: शहर में 60 सरकारी डिग्री कॉलेज हैं। जबकि हजारों की संख्या में सेल्फ फाइनेंस कॉलेज हैं। इन कॉलेजों में यदि पारंपरिक शिक्षा के अलावा व्यावसायिक और दक्षता शिक्षा भी दी जाए तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। छात्र संख्या भी कम नहीं होगी। - अमित श्रीवास्तव, प्राचार्य डीएवी कॉलेज
जवाब: सरकार रोजगार बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। सुझाव अच्छा है। इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर दें। सरकार तक बात पहुंचाई जाएगी।
सवाल: शहर में रिंग रोड बनवाएं, इससे सरकार का विकास तेज होगा और जाम की समस्या नहीं होगी। मिथिलेश गुप्ता, अध्यक्ष दाल मिलर्स एसोसिएशन
जवाब: इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से वार्ता की जाएगी।
यह मामला पहले से ही चल रहा है
सवाल: कानपुर दक्षिण में कोई भी पब्लिक ऑडीटोरियम नहीं है। - टीकम चंद सेठिया, अध्यक्ष कानपुर उद्योग व्यापार मंडल
जवाब: ऑडीटोरियम का काम शुरू होगा। इसके लिए नक्शा पास हो गया है। सांसद निधि से रुपये देकर निर्माण कार्य कराया जाएगा।
सवाल: अधिवक्ताओं को भी सरकार स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराएं। - जितेंद्र सिंह तोमर, पूर्व महामंत्री लायर्स एसोसिएशन
जवाब: इस मुद्दे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी।
सवाल: अनवरगंज से मंधना रेल लाइन हट जाए तो इन क्रासिंगों पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। कई बाजारों में व्यापार बढ़ जाएगा। - ज्ञानेश मिश्रा, महामंत्री अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल
जवाब: यह मामला पहले से ही चल रहा है। जनता हित में ही सरकार कार्य करेगी।
सरकार से बजट उपलब्ध कराया जाएगा
सवाल: मलिन बस्तियों में शराब पीने वाले उपद्रव करते हैं। जगह-जगह जुआ खेला जाता है। बस्तियों में सीवर लाइन नहीं है। - माया सिंह और प्रभादेवी, प्रतिनिधि सखी केंद्र
जवाब: कोई सर्वे किया हो तो रिपोर्ट दें। मलिन बस्तियों में सबसे पहले सीवर लाइन डाली जाएगी। इसके अलावा सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने वाले कैंप लगाए जाएंगे।
सवाल: फूलबाग स्थित बाल भवन के अलावा शहर के सभी प्रमुख ऐसे भवनों की मरम्मत कराई जाए जो खंडहर हो रहे हैं। ताकि यहां पर सामाजिक और साहित्यिक गतिविधियां संचालित की जा सकें। - डॉ. आभा द्विवेदी, साहित्यकार
जवाब: सरकार से बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाएगी
सवाल: विक्षिप्त लोगों के लिए शहर में इलाज आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। सरकारी अस्पतालों में भी इलाज नहीं मिलता है। - रूद्र प्रकाश, छात्र
जवाब: समस्या लिखकर दें, संबंधित विभाग के अफसरों से इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।
सवाल: शहर में महिलाओं के लिए शौचालय नहीं है। सेनेटरी वेंडिंग मशीनें भी नहीं लगी हैं। बसों-टेंपों में छेड़छाड़ होती है। उनमें सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं लड़कियों के लिए अलग से स्पोर्ट्स की भी सुविधा मिले। - अनुशिका श्रीवास्तव, छात्रा
जवाब: बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाएगी। शौचालय के अलावा अन्य समस्याएं लिखित में दें। उनका निवारण कराया जाएगा।
सवाल: मखाना, सुपाड़ी और जीरा से मंडी शुल्क हटवाया जाए। जीएसटी में तीन महीने का स्पेशल ऑडिट का आदेश वापस कराया जाए। - अवधेश बाजपेयी, अध्यक्ष दि किराना मर्चेंट एसोसिएशन
जवाब: मंडी शुल्क पर प्रदेश सरकार के उच्च अफसरों से बात की जाएगी। स्पेशल ऑडिट का आदेश फिर से आया है। इसकी जानकारी करेंगे। समस्या का समाधान कराया जाएगा।
किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा
सवाल: किसी फैक्ट्री आदि में श्रमिक या कर्मचारी के साथ हादसा होने पर पुलिस और अन्य विभाग उत्पीड़न करते हैं। व्यापारियों की तरह उद्यमियों को भी उनके कर देने के सापेक्ष पेंशन का प्रावधान हो। - संजय जैन उद्यमी
जवाब: किसी उद्यमी का उत्पीड़न होता है तो इसकी जानकारी दें। किसी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
सवाल: व्यापारियों और उद्यमियों की कर नीति अलग-अलग बने, शहर का एकीकृत और समग्र विकास हो। सीओडी पुल का जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा हो। - दीप कुमार मिश्रा, सीए
जवाब: शहर को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। नीतिगत मामले संसद में उठाए जाएंगे।
सवाल: ईद का त्योहार है। शिवाला बाजार में महिलाएं इस समय देर रात तक खरीदारी करती हैं। जबकि पुलिस वाले जल्दी दुकान बंद करने का दबाव बनाकर उत्पीड़न करते हैं। - विनोद गुप्ता, महामंत्री कानपुर उद्योग व्यापार मंडल
जवाब: किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। एसएसपी से बात करके समस्या का समाधान होगा।
जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रयास होंगे
सवाल: शहर के उत्तर और दक्षिण क्षेत्र को जोड़ने वाला एक और फ्लाईओवर बने। ताकि शहर से जाम की स्थिति खत्म हो। आउटर रिंग रोड बने। दक्षिण में एक बड़ा अस्पताल भी बनवाया जाए। - भूपेश अवस्थी, संरक्षक राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद
जवाब: जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रयास होंगे।
सवाल: महिला उद्यमियों के लिए अलग से एक स्पेशल सेल बने जहां पर वो अपनी समस्याएं बता सकें। - वंदना मिश्रा, महिला उद्यमी
जवाब: संगठन के लेटरपैड पर प्रस्ताव बनाकर दें। इस पर काम कराया जाएगा।
इन लोगों ने भी किए सवाल
श्री गुरु सिंह सभा कानपुर महानगर के प्रधान सिमरन जीत सिंह ने शहर में जगह-जगह कूड़ा जलाए जाने की समस्या बताई। इसके अलावा एक जिला एक उत्पाद योजना में बैंकों की ओर से की जा रही लापरवाही की बात रखी। व्यापारी रोशन लाल अरोड़ा ने कल्याणपुर से रामादेवी तक फ्लाईओवर बनवाने की बात कही। व्यापारी श्याम अग्रहरि ने सदर बाजार और एक्सप्रेस रोड में पीने के पानी और जलभराव की समस्या बताई।
छात्र पारस अवस्थी ने रोजगारपरक शिक्षा के संबंध में बात रखी। इसी तरह समाजसेवी उदिता शर्मा ने प्राइमरी स्कूलों में गड़बड़ी की बात कही। बताया कि रंग-रोगन कराने के लिए आने वाले रुपयों का गबन किया जा रहा है। इस दौरान संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला और सहायक आयुक्त एसपी यादव ने उद्यमियों के सवालों के जवाब दिए।