छात्र रोनिल सरकार हत्याकांड में पुलिस को चैट से एक और अहम जानकारी मिली है। हत्यारोपी विकास पहले सुपारी देकर रोनिल की हत्या कराना चाहता था। इससे संबंधित जिक्र उसने अपने एक करीबी से चैट पर किया था। पुलिस ने ये चैट रिकवर करा लिया है। हालांकि ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुपारी किसको और कितने की देने की साजिश रची थी।
डॉ. वीरेंद्र स्वरूप स्कूल की श्यामनगर शाखा में रोनिल सरकार 12वीं कक्षा में पढ़ता था। 31 अक्तूबर को स्कूल से निकलने के बाद वह लापता हो गया था। दूसरे दिन चंदारी के जंगल में उसका शव मिला था। बुधवार को पुलिस ने खुलासा किया था कि टटिया श्यामनगर निवासी विकास यादव ने रोनिल की हत्या की थी। दरअसल, विकास को शक था कि उसकी प्रेमिका से रोनिल के संबंध हैं, जबकि रोनिल उस छात्रा को बहन मानता था।