फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर लैंबोर्गिनी केस की पूरी कहानी: कार से टक्कर मार फरार हुआ था रईसजादा, केस उलझाने की कोशिश अभी भी जारी

Thu, 12 Feb 2026 12:58 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, कानपुर

सार

कानपुर में लैंबॉर्गिनी हादसे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कोर्ट में सरेंडर करने से पहले ही उसे दबोच लिया है। पढ़ें कानपुर लैंबॉर्गिनी मामले में अब तक क्या-क्या हुआ? पूरी कहानी
विज्ञापन
1 of 16
kanpur lamborghini Case - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हुए हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे के चार दिन बाद पुलिस ने तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे और मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। चर्चा थी कि शिवम कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस आरोपी को गुप्त स्थान पर मेडिकल परीक्षण के लिए ले गई है, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। बुधवार को ड्राइवर मोहन ने कोर्ट में सरेंडर कर खुद को चालक बताया था, लेकिन पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर शिवम पर शिकंजा कसते हुए उसे दबोच लिया। आइए जानते हैं, हादसे के बाद लापरवाही करने वाली पुलिस और गिरफ्तारी की कहानी।
विज्ञापन

2 of 16
पुलिस ने लैंबोर्गिनी सीज की - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेकाबू हो गई थी कार, कई वाहनों को मारी टक्कर
कानपुर में रिंग वाला चौराहे पर कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े ऑटो, बुलेट में टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई थी। हादसे में फुटपाथ पर खड़े होकर दोस्त का इंतजार कर रहे चमनगंज निवासी मो. तौफीक अहमद के पैर में चोट आई थी। वहीं, बुलेट सवार खलासी लाइन निवासी विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी भी जख्मी हो गए थे। चालक के निजी सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें कार का शीशा तोड़कर निकाला था और निजी अस्पताल ले गए थे। सुरक्षा कर्मियों ने कार मालिक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट भी तोड़ने की कोशिश की थी। ग्वालटोली पुलिस कार को ग्वालटोली थाने ले गई थी। 

 
विज्ञापन

3 of 16
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी शिवम मिश्रा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लैंबोर्गिनी सीज, एफआईआर में जुड़ा तंबाकू कारोबारी के बेटे का नाम
कानपुर में वीआईपी रोड पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार से हुए हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। यह रिपोर्ट पीड़ित तौफीक की तहरीर पर ग्वालटोली थाने में दर्ज की गई। विवेचना में सामने आया कि कार तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा चला रहा था। वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने कार सीज कर दी है और मामले में लापरवाही बरतने वाले ग्वालटोली इंस्पेक्टर संतोष गौड़ को कमिश्नर ने लाइन हाजिर कर दिया है।

4 of 16
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी शिवम मिश्रा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आर्यनगर निवासी केके मिश्रा तंबाकू के बड़े कारोबारी हैं। उनके पास दिल्ली नंबर पर पंजीकृत लेंबोर्गिनी कार है। रविवार दोपहर उनका बेटा शिवम मिश्रा अपनी इसी कार से फर्राटा भरते हुए वीआईपी रोड से ग्रीन पार्क की ओर जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। 
विज्ञापन

5 of 16
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी शिवम मिश्रा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घंटे भर दरवाजा पीटकर लौट गई पुलिस
हादसे की जांच करने सोमवार दोपहर ग्वालटोली पुलिस तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के आर्यनगर स्थित घर पहुंची जहां पुलिस कर्मी करीब एक घंटे तक दरवाजा खटखटाते रहे लेकिन कोई खोलने नहीं आया। इसके बाद पुलिस कर्मी यह कहते हुए लौट गए कि परिवार दिल्ली में रहता है तो वहां जाकर पूछताछ की जाएगी।
विज्ञापन

6 of 16
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी शिवम मिश्रा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लैंबोर्गिनी कार हादसे में समझौते का दावा, पुलिस बोली- दाखिल होगी चार्जशीट
कानपुर में लैंबोर्गिनी कार हादसे में पीड़ित और कार मालिक के वकील समझौता होने का दावा किया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद विवेचना चल रही है। जल्द ही तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा को कार चालक मानते हुए न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
विज्ञापन

7 of 16
कानपुर में लैंबोर्गिनी कार से मारी टक्कर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बुधवार को कार मालिक के वकीलों ने पीड़ित तौफीक और मोहनलाल नामक युवक को कार चालक बताकर दोनों के बीच समझौता होने का दावा किया। समझौता पत्र के अनुसार तौफीक का इलाज करा दिए जाने से वह आगे कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। पुलिस के अनुसार घटना के वक्त शिवम कार में अकेला था जबकि पीछे एक कार में उसके सुरक्षा कर्मी चल रहे थे। हादसे के बाद सुरक्षाकर्मियों ने ईंट से कार का कांच तोड़कर शिवम को बाहर निकाला था। इसके फुटेज भी पुलिस को मिल गए हैं। हालांकि इस फुटेज में दूसरा कोई व्यक्ति निकाला जाता नहीं दिखा।

 

8 of 16
कानपुर में सड़क हादसा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कार चालक की समर्पण अर्जी कोर्ट ने की खारिज
वीआईपी रोड पर रविवार दोपहर लैंबोर्गिनी कार से हुई दुर्घटना के मामले में चालक की आत्मसमर्पण अर्जी को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सप्तम की अदालत ने खारिज कर दिया है। तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की लैंबोर्गिनी कार से वीआईपी रोड पर हुई दुर्घटना के मामले में कोर्ट में शिवम के अधिवक्ता की ओर से दाखिल अर्जी में घटना के दिन कार को शिवम के चालक दिल्ली के द्वारका के रहने वाले मोहन एम. द्वारा चलाए जाने का दावा किया गया था और उसके आत्मसमर्पण करने की अर्जी दाखिल की गई थी।
 

9 of 16
कानपुर में सड़क हादसा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कोर्ट में दी गई पुलिस की रिपोर्ट में कहा गया कि मुकदमे में मोहन आरोपी नहीं है। अब तक की विवेचना में दुर्घटना के दिन गाड़ी शिवम मिश्रा के चलाए जाने की बात सामने आई है। मोहन के अधिवक्ता की ओर से जुर्म स्वीकार किए जाने की बात कहते हुए मुकदमे के वादी मो.तौफीक और मोहन के बीच आठ फरवरी को ही हुए एक समझौतानामा को भी कोर्ट में दिखाया गया। 

10 of 16
कानपुर में लैंबोर्गिनी कार का टूटा शीशा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसमें लिखा था कि दोनों के बीच समझौता हो गया है। मोहन ने दवा-इलाज के लिए खर्च दे दिया है जिससे मो. तौफीक संतुष्ट है और आगे कोई कार्रवाई नहीं करना चाहता है। समझौता पत्र में समझौता भी बिना किसी दबाव के किए जाने की बात लिखी थी। वहीं अभियोजन की ओर से तर्क रखा गया कि जब मोहन का मुकदमे में नाम ही नहीं है तो उसे समर्पण करने की कोई जरूरत नहीं है। दोनों पक्षों को सुनने और पुलिस रिपोर्ट को देखने के बाद कोर्ट ने मोहन का समर्पण प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया है।

 

11 of 16
कानपुर में लैंबोर्गिनी कार से मारी टक्कर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस कोर्ट भेजेगी कार की तकनीकी परीक्षण रिपोर्ट
दुर्घटनाग्रस्त कार को थाने से वापस मालिक को दिलाए जाने संबंधी अर्जी पर कोर्ट ने पुलिस से तकनीकी परीक्षण रिपोर्ट मांगी है। कार मालिक के अधिवक्ता की ओर से लैंबोर्गिनी कार को रिलीज (वापस) कराने के लिए भी एक अर्जी कोर्ट में दाखिल की गई थी। इस पर पुलिस ने आरटीओ से कार का तकनीकी परीक्षण कराने की बात कही जिस पर कोर्ट ने कार मालिक को कार के कागजात विवेचक को दिखाने और पुलिस को तकनीकी परीक्षण रिपोर्ट कोर्ट भेजने के आदेश दिए हैं। कार को चालक मोहन चला रहा था। समझौता पत्र भी कोर्ट में दिखाया गया लेकिन पुलिस गलत तरीके से शिवम को फंसा रही है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने मोहन का समर्पण प्रार्थना पत्र खारिज किया है। आदेश के खिलाफ जिला जज की अदालत में रिवीजन याचिका दाखिल करेंगे।- धर्मेंद्र सिंह, मोहन के अधिवक्ता

12 of 16
कानपुर में सड़क हादसे के बाद लगी भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पीड़ित ने हादसे के बाद अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार सीज कर विवेचना को आगे बढ़ाया तो हादसे के वक्त शिवम मिश्रा द्वारा कार चलाए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद शिवम का नाम जांच में शामिल कर लिया गया। अब पीड़ित के समझौते की बात चर्चा में आई है। पुलिस को उससे कोई सरोकार नहीं है। हम पूरी कानूनी कार्रवाई कर चार्जशीट न्यायालय में दाखिल करेंगे।-रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर

13 of 16
कानपुर में सड़क हादसे के बाद लगी भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यह था पूरा मामला
कानपुर में वीआईपी रोड पर रविवार दोपहर तंबाकू कारोबारी के बेटे ने अपनी लैंबोर्गिनी कार से फर्राटा भरते समय ऑटो, बुलेट में टक्कर मार दी। इसके बाद खुद भी बेकाबू होकर कार फुटपाथ पर चढ़ गई। कार की चपेट में आने से वाहन सवारों समेत चार लोग घायल हो गए। लोगों ने कार को घेर लिया तभी लैंबोर्गिनी के पीछे चल रही कार से आए बाउंसरों ने लोगों को धक्कामुक्की कर हटाया। कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकालने के बाद निजी अस्पताल भेजा।

14 of 16
कानपुर में सड़क हादसे के बाद लगी भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आर्यनगर निवासी केके मिश्रा तंबाकू के बड़े कारोबारी हैं। उनके बेटे शिवम रविवार दोपहर अपनी लैंबोर्गिनी कार से ग्रीन पार्क की ओर जा रहे थे। अचानक रिंग वाले चौराहे के पास कार बेकाबू हो गई। सड़क किनारे खड़ी ऑटो, बुलेट में टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई। फुटपाथ पर खड़े होकर दोस्त का इंतजार कर रहे चमनगंज निवासी तौफीक अहमद के पैर में चोट आई है। वहीं, बुलेट सवार खलासी लाइन निवासी विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी जख्मी हो गए। हादसे के बाद लक्जरी कार और घायलों को देखने वालों की भीड़ जुट गई।

 

15 of 16
कानपुर में लैंबोर्गिनी कार से मारी टक्कर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
क्षेत्रीय लोगों ने कार को घेर लिया। तभी लैंबोर्गिनी कार सवार के सुरक्षाकर्मियों ने चालक को कार से बाहर निकालने की कोशिश की तो लोगों ने विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। इस बीच सुरक्षा कर्मियों ने ईंट से कार का शीशा तोड़कर चालक को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। लोग कार की फोटो और वीडियो बना रहे थे। कुछ सुरक्षा कर्मियों ने कार मालिक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट तोड़ने की कोशिश की। वहीं, सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस घायल तौफीक को उर्सला भेजा और लक्जरी कार को ग्वालटोली थाने ले गई।
विज्ञापन

16 of 16
kanpur car accident - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
महंगी गाड़ी व शौक के लिए चर्चा में आया था तंबाकू कारोबारी का परिवार
बंशीधर श्रीराम फर्म के नाम से तंबाकू कारोबार करने वाले केके मिश्रा और उनके बेटे शिवम मिश्रा लैंबोर्गिनी हादसे के बाद एक बार फिर चर्चा में हैं। इससे पहले आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई के कारण परिवार सुर्खियों में आया था। शहर में उनकी महंगी गाड़ियां और आलीशान जीवनशैली लंबे समय से चर्चा का विषय रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें