कानपुर में यशोदानगर चौराहे के पास रविवार सरेशाम सड़क पर पिता-पुत्र की चाकू से गोदकर हत्या में आरोपियों ने किस हद तक दरिंदगी की इसका खुलासा दोनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। रिपोर्ट के अनुसार हमलावरों ने दोनों को बचने का मौका तक नहीं दिया। शरीर में दिल, सीना, पेट और पीठ को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। अत्यधिक रक्तस्राव, गहरे जख्मों और सदमे की वजह से दोनों की मौत हो गई।
रामनगर सजारी निवासी पिता शिवनारायण त्रिवेदी (64) और बेटे शिवम (26) के शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टर के अनुसार शिवम पर सबसे ज्यादा हमले किए गए। हत्यारोपियों ने उसके बाईं ओर दिल में लगातार तीन बार चाकू घोंपा। इसके अलावा बाईं तरफ की कोख में दो और पीठ पर दो वार किए। शिवम के शरीर पर कुल सात गहरे चाकू के घाव मिले। आंख, सिर, हाथ और पैरों पर भी चोटों के निशान मिले हैं।