मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : ANI
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता को जलाए जाने की घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने देर शाम अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और डीजीपी ओम प्रकाश सिंह को तलब कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि इस मामले में प्रभावी पैरवी कर न्यायालय में दोषियों को कम से कम समय में सजा दिलाई जाए, जो नजीर बने। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लखनऊ के मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम और आईजी सुवेंद्र कुमार भगत ने देर रात मुख्यमंत्री आवास पहुंच कर उन्हें पूरे घटनाक्रम और अब तक की कार्रवाई से अवगत कराया।
आईजी कानून व्यवस्था प्रवीण कुमार ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि लड़की केपरिजनों ने जिन लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी और लड़की ने अपने बयान में जिन लोगों पर आरोप लगाया है, उन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में शुभम, शिवम त्रिवेदी, हरीशंकर त्रिपाठी, राम किशोर त्रिवेदी और पड़ोसी उमेश वाजपेई को गिरफ्तार किया गया। हरीशंकर शुभम के पिता हैं जबकि राम किशोर त्रिपाठी शिवम के पिता हैं।