मौत का कोई ठिकाना नहीं होता। कब और किस तरह से आ जाए इसे कोई नहीं जानता। गुरुवार को ट्रैफिक सब इंसपेक्टर रजनीश कुमार (47) के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। सुबह पुलिस लाइन से वर्दी पहनकर नौबस्ता हाईवे पर ड्यूटी करने निकले रजनीश पर ड्यूटी स्पॉट से चंद कदम पहले ही गिट्टी लदा डंफर गिर पड़ा। जिसमें उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य युवक राजेश कुमार की भी मौत हो गई। वह अधिवक्ता बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नौबस्ता की तरफ से रामादेवी की ओर जा रहा एक गिट्टी लदा डंफर टायर फटने के कारण पलट गया। डंफर पलटते ही बगल से गुजर रहे बाइक सवार ट्रैफिक सब इंसपेक्टर रजनीश कुमार (47) और राजेश कुमार (35) उसके नीचे आ गए। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद डंफर चालक भाग खड़ा हुआ। डंफर से गिट्टी पलटने के कारण हाईवे पर आवाजाही भी घंटो ठप रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से डंफर और सड़क पर बिखरे गिट्टी को साफ करवाया।
तीन पीढ़ियां कर रहीं पुलिस की नौकरी
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर रजनीश का परिवार तीन पीढ़ियों से पुलिस की नौकरी कर रहा है। रजनीश के पिता सोबरन सिंह भी उत्तर प्रदेश पुलिस में थे। हाल ही में उनके दूसरे बेटे अंकुर (18) का चयन भी सिपाही भर्ती में हुआ है। रजनीश की मौत से उनके परिवार और ट्रैफिक विभाग में तैनात साथियों में मातम छाया हुआ है। वह यहां कैंट पुलिस लाइन में ही सरकार की तरफ से मिले घर में अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे।