कानपुर में चकेरी क्षेत्र के ग्रेटर कैलाश नगर जाजमऊ में बुधवार दोपहर को कांग्रेस नेता शोएब खान (27) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कांग्रेस की नगर इकाई में सचिव शोएब सिपाही के बेटे द्वारा दोस्त को घर में बंधक बना लेने की सूचना पर साथियों के साथ पहुंचा था। आरोप है कि इन लोगों ने सिपाही के बेटे और परिवार के अन्य लोगों के साथ मारपीट की। इसी बीच सिपाही के बेटे ने राइफल से फायर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बवाल की आशंका के चलते मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और आरएएफ तैनात की गई है।
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 5
कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव हसनगंज थाने में कांस्टेबल पद पर तैनात यशवंत यादव का घर ग्रेटर कैलाश नगर में है। उनके बेटे धीरेंद्र और रवि परिवार के साथ इसी घर में रहते हैं। घर के पास ही इनका एक खाली प्लाट है। इस प्लाट पर चट्टे के लिए टीन शेड डलवाने को तिवारीपुर निवासी ठेकेदार रणधीर सिंह के बेटे प्रशांत को 80 हजार रुपये का ठेका दिया था। प्रशांत को 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे। आरोप है कि उसने कोई काम नहीं कराया था। बुधवार दोपहर प्रशांत सिपाही के घर पहुंचा।
विज्ञापन
3 of 5
कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
आरोप है कि प्रशांत का रवि से विवाद हो गया। इस पर प्रशांत ने अपने दोस्तों को फोन कर बंधक बनाने की सूचना दे दी। दोपहर करीब डेढ़ बजे डिफेंस कॉलोनी निवासी कांग्रेस नेता शोएब करीब तीन दर्जन साथियों के साथ पहुंचा। कुछ लोग रवि के घर पहुंचे और कुछ अलग-अलग ग्रुप में आसपास मौजूद थे। आरोप है कि शोएब के साथ अंदर पहुंचे लोगों ने रवि और परिवार के लोगों साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बीच रवि पिता यशवंत की लाइसेंसी राइफल निकाल लाया।
4 of 5
बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
इस पर प्रशांत, शोएब और अन्य युवक घर से निकलकर सड़क की ओर भागने लगे। इस बीच रवि ने गोली चला दी जो शोएब के सीने में जा धंसी और वह जमीन पर गिर पड़ा। साथी शोएब को बाइक से लालबंगला स्थित सरल नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। यहां सूचना पर पहुंची पुलिस शोएब को लेकर हैलट पहुंची। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच रवि बाइक से भाग निकला। इस पर पुलिस आरोपी की मां, पत्नी, बेटे और भतीजे को थाने ले आई। इसके बाद शुक्लागंज से रवि को भी गिरफ्तार कर लिया। उधर घटना की सूचना पर एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल, सीओ छावनी, चकेरी इंस्पेक्टर रणजीत राय के अलावा कई चौकियों का पुलिस बल पहुंचा। फोरेंसिक टीम ने खून के नमूने लिए हैं।
आरोपी का भतीजा बोला चाचा को ईंटों से मार रहे थे
पुलिस की गाड़ी में बैठे रवि के बड़े भाई धीरेंद्र के मासूम बेटे नीलेश ने बताया कि कुछ लोग घर में घुसकर चाचा को ईंटों से पीट रहे थे। वहीं रवि के छह साल के बेटे ने कहा कि वह स्कूल गया था। मारपीट में रवि की मां, पत्नी किरन को भी चोट आई है। भाई धीरेंद्र घर में नहीं था।
घर का इकलौता बेटा था शोएब
डिफेंस कॉलोनी निवासी शोएब के दोस्तों ने बताया कि उसके पिता आमिर का चार साल पहले ही इंतकाल हो चुका है। घर में बड़ी बहन निदा और मां हैं। शोएब ही इनका सहारा था।
बवाल की सूचना पर पुलिस सतर्क, पहुंचा केंदीय बल
शाम को पुलिस को सूचना मिली कि शोएब के साथी आरोपी रवि के घर पहुंचने वाले हैं। इस पर सतर्क पुलिस ने पीएसी भेजने के लिए अफसरों से बात की। इसके बाद कई थानों की पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स घर के बाहर तैनात किया गया।