यूपी के उन्नाव जिले में वाजिदपुर स्थित एक नाले में सोमवार दोपहर करीब 35 साल के युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने किसी दूसरे स्थान पर चेहरा कूंचकर युवक की हत्या कर शव को नाले में फेंकने की आशंका जताई है। युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
सोमवार दोपहर सोनिक में वाजिदपुर के ग्रामीणों ने लोनी नाले में शव मिलने की सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। लोनी नाले में औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले प्रदूषित पानी को बहाया जाता है। युवक के शव का सत्तर फीसदी हिस्सा कीचड़ में धंसा हुआ था। उसके पैर ही बाहर थे। ऐसे में पुलिस ने टेलीफोन केबल से पैर बांधकर शव बाहर निकाला। चेहरे और शरीर के अन्य हिस्से में कीचड़ लगा होने से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
इस पर दही चौकी इंचार्ज हसीब अहमद ने पानी से शव धुलवाया। युवक के दोनों हाथ एक मफलर से बंधे थे। सिर, चेहरे और गले में चोट के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार चेहरा और सिर कूंचकर युवक की हत्या कर शव को छिपाने के लिए उसे कीचड़ से भरे नाले में फेंक दिया गया।
हालांकि पानी कम होने और कीचड़ अधिक होने से शव पूरी तरह से डूब नहीं सका था। युवक की पहचान न होने से पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दही चौकी इंचार्ज हसीब अहमद ने बताया कि युवक नीली जैकेट के शरीर पर नीली जींस पहने हुए था। युवक की दाईं आंख के ऊपर चोट के कई गंभीर निशान मिले हैं।