बांदा जिले में हिंदू इंटर कॉलेज के लिपिक रामू चौरिहा की हत्या के बाद पुलिस विवाद, घरेलू कलह, आशनाई और जायदाद के बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना वाली रात रामू ने होटल से खाना मंगाया था। इसी बात पर पत्नी ज्योति से उसकी कहासुनी हुई थी।
बड़ी पुत्री ने बताया कि कहासुनी के बाद वह तीनों बहनें और मां अंदर वाले कमरे में सोने गए थे। कुछ देर बाद किसी ने बाहर से कुंडी और दरवाजे में ताला बंद कर दिया था। मृतक रामू बाहर के बेडरूम में कम कपड़ों में लेटा पाया गया। रामू की हत्या करने वाला हमलावर कोई जानकार होना प्रतीत हो रहा है।
घटना के बाद पूरी रात मृतक राम के बेडरूम का दरवाजा और मुख्य दरवाजा भी खुला रहा। अंदेशा है कि घटना के बाद हमलावर मुख्य गेट से बाहर को निकल गए होंगे। उधर, चर्चा में यह भी है कि मृतक रामू चौरिहा ने अपने घर में सीसीटीवी कैमरे पत्नी पर शक करने की वजह से लगवाए थे।