बांदा जिले में घर में सोते समय लिपिक की हत्या उसकी ही पत्नी ने अपने दो साथियों के साथ चाकू से गला रेतकर की थी। पत्नी ने संपत्ति, नौकरी की लालच और खुलकर जीने की चाहत में अपने फेसबुक दोस्त और एक अन्य साथी के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी अभिनंदन, अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र और सीओ जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि अतर्रा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी हिंदू इंटर कॉलेज अतर्रा में तैनात लिपिक प्रदीप चौरिहा उर्फ रामू चौरिहा की 17/18 अप्रैल की रात सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने गुरुवार को मृतक की पत्नी ज्योति चौरिहा, उसके मित्र शहर कोतवाली क्षेत्र के शुकुल कुआं निवासी संजय सिंह व पैलानी थाना क्षेत्र के रसड़ा गांव निवासी राघवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से गोपनीय सिमकार्ड लगे तीन मोबाइल फोन, आला कत्ल चाकू बरामद किया है।