बांदा जिले में कम नंबर आने पर ट्रेन से कटकर खुदकुशी करने वाला हेमंत मां का लाडला था। प्रत्येक मंगलवार को संकट मोचन मंदिर में बजरंगबली के दर्शन करना उसकी आदत में शुमार था। घटना वाले दिन भी उसने संकट मोचन मंदिर में दो घंटे गुजारे थे।
हनुमान चालीसा का पाठ भी किया था। शहर कोतवाली के बंगालीपुरा, सुतरखाना निवासी हेमंत यादव (15) ने मंगलवार की शाम यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित होने के बाद रेलवे क्रासिंग क्योटरा पर ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। वह सरस्वती प्रकाश मंदिर का छात्र था।
पिता अजय कुमार यादव ने बताया कि उसने हाईस्कूल की परीक्षा 60 फीसदी अंकों से पास की थी। दोस्तों से उसके नंबर कम थे। इससे खिन्न होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। हेमंत दो भाई थे। बड़ा भाई हिमांशु भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज, चिल्ला रोड में इस वर्ष 12वीं का छात्र है।