उत्तर प्रदेश के एटा में बुधवार को चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन मंदिरों में भक्तों की अपार भीड़ पहुंची। इसके अलावा लोगों ने घरों में घट स्थापना की। अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर माता-रानी की पूजा-अर्चना के साथ उपवास शुरू किया। वहीं देवी मंदिरों में सुबह से रात तक मां शैलपुत्री के पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इससे पहले मंदिरों में तैयारियां पूरी की गईं। चारों तरफ देवी मां के जयकारे गुंजायमान हो उठे। आरती के दौरान घंटे-घड़ियाल गूंजे तो शाम के समय जगह-जगह कीर्तन चले।
पूजा-अर्चना करने के लिए लोग पहुंचे मंदिर
शहर के ठंडी सड़क स्थित काली मंदिर, पथवारी मंदिर, होली मोहल्ला स्थित शीतला मंदिर, शांतिनगर स्थित काली मंदिर, जीटी रोड स्थित जनता दुर्गा मंदिर में सुबह से ही महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की कतार दिखीं। हाथों में पूजा की थाली सजाकर पूजा-अर्चना करने के लिए लोग मंदिर में पहुंचे। माता रानी की प्रतिमा पर जलाभिषेक व पूजा कर आरती उतारी। मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मनौती मांगी। सबसे ज्यादा भीड़ ठंडी सड़क स्थित पथवारी मंदिर व काली मंदिर पर नजर आई।
पूजा-अर्चना कर मैया से मांगी सुख-समृद्धि
चैत्र नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि मांगी। गमा देवी मंदिर, माता शीतला देवी मंदिर तथा माता महाकाली मंदिर पर भक्तों की भीड़ रही। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ ही हवन-यज्ञ में भाग लेकर लोगों ने मनौतियां मांगीं।