फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुलंदशहर: जेल में बैठा अमित, खेल रहा ‘मौत का खेल’

Mon, 22 Mar 2021 05:21 AM IST
योगेश जोशी विकास वत्स, बुलंदशहर
विज्ञापन
1 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
खूनी संघर्ष की नफरत अमित के भीतर भी उसके बचपन के दिनों से ही भरी हुई थी। उसी संघर्ष में उसकी मां और मामा की हत्या हुई तो उसने उसका बदला गत वर्ष लॉकडाउन के दौरान खानपुर के जाड़ौल निवासी संजीव प्रधान की हत्या कर लिया। लेकिन, खूनी रंजिश की नफरत अभी भी उसके दिल और दिमाग से खत्म नहीं हो रही है। यही कारण है कि धनौरा में रविवार सुबह हुए गोलीकांड का मुख्य साजिशकर्ता पुलिस जेल में बैठे अमित को ही मान रही है।
 
रविवार को धनौरा में हुए गोलीकांड के बाद एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच में जेल में बंद कुख्यात अमित का नाम सामने आ रहा है। अमित का नाम सामने आते ही रविवार को हुए गोलीकांड की परतें भी धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। गौरतलब है कि उसकी मां और मामा की उसकी ननिहाल जाड़ौल में अलग-अलग समय पर हत्या कर दी गई थी। इन हत्याओं में हिस्ट्रीशीटर और खानपुर के गांव जाड़ौल निवासी पूर्व प्रधान संजीव का नाम सामने आया था। मां-मामा की हत्या की ज्वाला को शांत करने के लिए अमित भी अपराध के दलदल में उतर गया था।

एक के बाद एक हत्याओं में उसका नाम सामने आने लगा था। यही नहीं, बुलंदशहर के अलावा हरियाणा और दिल्ली में हुई हत्याओं में भी उसका नाम सामने आया था। गत वर्ष कोरोना काल के दौरान 15 जून की रात करीब नौ बजे उसने बुलंदशहर देहात कोतवाली क्षेत्र के यमुनापुरम इलाके में अपनी मां और मामा के हत्यारोपी संजीव प्रधान की अपने साथियों के साथ गाड़ी के अंदर ही गोलियों से भून कर हत्या कर दी थी। सरेशाम उसने कालोनी में उसकी कार पर दनादन गोलियां बरसाईं थीं।

हालांकि, 72 दिन तक जनपद पुलिस उसकी खाक छानती रही। लेकिन, वह हाथ नहीं लगा। बाद में 26 अगस्त 2020 को एसटीएफ नोएडा ने उसे व उसके साथियों को नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया था। जब, उसकी गिरफ्तारी हुई उस दौरान उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
विज्ञापन

2 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Social Media
जेल में उससे मिलने वालों की सूची होगी तैयार
जानकारी के अनुसार जेल में बंद कुख्यात अमित से पुलिस जल्द ही पूछताछ कर सकती है। साथ ही उससे मिलने वालों और जेल में उसके साथ रहे बंदियों-कैदियों की सूची भी तैयार की जा रही है। सूत्रों की मानें तो जल्द ही पुलिस इस वारदात का पटाक्षेप कर देगी।
विज्ञापन

3 of 5
उत्तर प्रदेश पुलिस - फोटो : सोशल मीडिया
गैर जनपदों और राज्यों में दी जा रही दबिशें
पुलिस बदमाशों की धर पकड़ के लिए आसपास के जनपदों व गैर राज्यों में भी दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद जेवर के रास्ते हरियाणा की ओर भागे होंगे। हालांकि, पुलिस को अभी ऐसा कोई तथ्य हाथ नहीं लगा है। साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

4 of 5
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
घटना स्थल पर पड़े खोखे बता रहे थे बदमाशों के इरादे
आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने कार सवार परिवार के लोगों पर ऑटोमेटिक हथियारों से फायरिंग की थी। घटना स्थल से पुलिस 12 खोखे बरामद होने की बात कह रही है। जबकि, देखा जाए तो मौके पर गनर पुष्पेंद्र ने चार राउंड फायरिंग की, धर्मपाल ने दो राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से करीब 15-20 राउंड फायरिंग की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
सहमे लोग, घरों में दुबके
सुबह हुई वारदात और गोलियों की गड़गड़ाहट से गांव में सन्नाटा पसर गया। देखते ही देखते घरों के बाहर दिखाई दे रहे लोग घरों के भीतर दुबक गए। गोलियों की गड़गड़ाहट बंद होने के बाद लोग बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। 

अभी तक की जांच में जेल में बंद अमित ही मुख्य साजिशकर्ता नजर आ रहा है। उसने जेल में बैठे हुए ही अपने साथियों से इस वारदात को अंजाम दिलाया है। जल्द ही उससे पूछताछ की जाएगी और उससे मिलने वालों से भी पूछताछ की जाएगी। -संतोष कुमार सिंह, एसएसपी
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें