बाढ़ से फसलें बर्बाद
- फोटो : अमर उजाला
हजारों बीघा फसल डूबी
गंगा का जलस्तर बढ़ने से पचौरी नगला से लसी नगला तक सड़क की दक्षिण दिशा में हजारों बीघा फसल पानी में डूब गई है। गन्ने को छोड़ बाजरा, शकरकंद, धान और तिल की फसलें पानी में रहने से खराब होने की आशंका है। गानइयाई, पांडे नगला, लसी नगला, गढ़िया गंगवार, तेलिया नगला गांवों की फसलों में भी पानी भर गया है। उझानी ब्लॉक के सरौता और ननाखेड़ा से कछला-भदरौल रोड पर गंगा का पानी ओवरफ्लो होकर ननाखेड़ा, मुस्करा, भूढ़ा, भदरौल तक भर गया है। सूखी पड़ी भैंसोर नदी में भी पानी का प्रवाह शुरू हो गया है, जिससे नदी पुनर्जीवित जैसी लग रही है। हालांकि शुक्रवार सुबह से जलस्तर में कमी आई है। खंड विकास अधिकारी सर्वज्ञ अग्रवाल ने गांवों का दौरा कर सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि पचौरी नगला के आगे सोत में एक नाव डालकर लोगों को खेतों तक जाने की व्यवस्था की गई है।