बिजनौर जनपद में नहटौर क्षेत्र के बैरमनगर में जमीन पर पट्टाधारक और बैनामाधारक को कब्जा दिलाने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस की टीम को जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों की भीड़ ने टीम पर पथराव करते हुए पुलिस को दौड़ा लिया। हालांकि शुरुआत में पुलिस ने लाठी फटकारते हुए विरोध करने वालों को खदेड़ दिया था, लेकिन बाद में हालात बेकाबू हो गए। पथराव में कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। वहीं हल्का लेखपाल ने ग्राम प्रधान के पति को नामजद करते हुए 80 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सोमवार को नायब तहसीलदार अजय कुमार, राजस्व निरीक्षक ओमवीर सिंह व हल्का लेखपाल पुलिस को साथ लेकर पट्टे धारकों व बैनामा धारकों को कब्जा दिलाने के लिए गई थी। सुरक्षा के लिहाज से टीम ने पुलिस को भी संग ले लिया। उक्त जमीन को ग्राम समाज की बताते हुए ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया। मौके पर आ रहे ग्रामीणों को पुलिस ने खदेड़ दिया।