शाहजहांपुर में हत्या कर सिरविहीन शव कुएं में डालने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विनोद ने साथियों को नेपाली पीतल के सिक्के सोने में बदलने और नेत्रहीन राजपाल को आंखों की रोशनी वापस आने का झांसा दिया था।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के गांव सिउड़ी में सूखे कुएं में मिले सिर कटे शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। छेड़खानी और दुष्कर्म समेत कई मामलों से बचने के लिए विनोद उर्फ बाबा ने खुद को मृत साबित करने और गांव के नौ लोगों को हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची थी। इसके लिए उसने अपने नेत्रहीन साथी राजपाल की हत्या कर दी। सूखे कुएं के पास राजपाल के सिर पर ईंट से वार किया। इसके बाद साथियों ने उसके पैर पकड़े और विनोद ने गड़ासे से गला काट दिया। सिर को अटेना घाट पर गंगा नदी की धारा में फेंक दिया।
17 नवंबर को गांव सिउड़ी के पास सूखे कुएं में सिर कटा शव मिला था। शव के पास आधार कार्ड और अन्य सामान बरामद हुआ था। विनोद की पत्नी पूजा और परिजनों ने सामान के आधार पर शव की पहचान विनोद के रूप में की थी। इसके बाद पूजा ने राजेश, योगेश, मुकेश समेत नौ लोगों के खिलाफ पति की हत्या कर सिर गायब करने और शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। अगले दिन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम भी लगाया गया था।
पुलिस ने जांच शुरू की तो बीट पुलिसकर्मियों को शव की कद-काठी देखकर संदेह हुआ कि यह विनोद का नहीं है। शर्ट की जेब में आधार कार्ड मिलना भी संदेहास्पद लगा। पुलिस ने गांव में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तो अधिकांश लोगों ने शव विनोद का होने से इन्कार किया। इसके बाद सर्विलांस सेल की मदद ली गई। जांच में पता चला कि विनोद बदायूं के उसहैत में रह रहा था और उसका परिवार दिल्ली में रहता है। सर्विलांस सेल ने मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों की जांच की तो पुलिस को अहम सुराग मिल गए।
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 12
कुएं की जांच करती टीम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजपाल की हत्या में चौंकाने वाला खुलासा
शाहजहांपुर के कलान के सिउड़ी गांव में हत्या कर सिरविहीन शव कुएं में डालने के बाद पुलिस की गहनता से जांच के बाद आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए। कई मामलों में घिरे विनोद ने साथियों को नेपाली पीतल के सिक्के सोने में बदलने और नेत्रहीन राजपाल को आंखों की रोशनी वापस आने का झांसा दिया था। बेहोश करके साथियों ने पैर पकड़े और विनोद ने गड़ासे का वार कर राजपाल का सिर धड़ से अलग कर दिया था।
एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण के अनुसार, विनोद की ससुराल निगोही के ऐठापुर गांव में है। ससुराल आने-जाने के दौरान ही नेत्रहीन राजपाल उसके संपर्क में आ गया। राजपाल को उसका परिवार करीब 12 साल पहले छोड़कर गाजियाबाद चला गया था। इसके चलते वह विनोद के साथ रहने लगा था।
विज्ञापन
3 of 12
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विनोद पर कई मामले दर्ज थे। ऐसे में उसने बदायूं के उसहैत में साधु का वेश बनाकर रहना शुरू कर दिया। उसने मढ़ी के रूप में स्थान विकसित कर डमरू आदि भी बना रखा था। उसने नेत्रहीन राजपाल को तंत्र-मंत्र के जरिये आंखों की रोशनी वापस लाने का झांसा दिया था। विनोद को पता था कि राजपाल का परिवार से संपर्क नहीं होने के चलते उसकी हत्या के बाद तत्काल कोई तलाश करने वाला नहीं होगा।
इसी का फायदा उठाकर उसने राजपाल को आंखों की रोशनी लौटाने का झांसा दिया और 14 नवंबर को विनोद अपनी कार से पूजा-पाठ के बहाने पीपल के पेड़ और सूखे कुएं के पास ले गया। वहां राजपाल को बैठा दिया। आरोप है कि इसी दौरान विनोद ने वहां पड़ी ईंट उठाकर राजपाल के सिर पर मार दी, जिससे वह बेहोश गया। तब विकास ने उसके हाथ और ओमपाल ने उसके पैर पकड़ लिए। इसके बाद विनोद ने अपने साथ लाए गड़ासे से उसकी गर्दन काटकर उसके धड़ से अलग कर दी। तीनों ने मिलकर उसका धड़ कुएं में धकेल दिया।
4 of 12
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छेड़खानी और दुष्कर्म के मामलों से बचना चाहता था विनोद
विनोद पर वर्ष 2023 में छेड़खानी और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। वह किसी घर में रात में दो बजे पकड़ा गया था। पीड़िता के परिजनों ने पहले छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जांच में दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं थीं। इसके अलावा तीन अन्य मामले भी दर्ज थे। पुलिस ने उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई का नोटिस जारी किया था। इससे बचने के लिए उसने खुद को मृत साबित करने की साजिश रची थी। इसके साथ ही गांव के नौ लोगों को हत्या के मुकदमे में फंसाने की योजना बनाई थी। एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण के मुताबिक, विनोद ने इस साजिश में अपने परिजनों से भी सलाह-मशविरा किया था।
विज्ञापन
5 of 12
आरोपियों से बरामद सामान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अलग-अलग नंबरों से परिजनों के संपर्क में था विनोद
घटना के खुलासे में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सर्विलांस की मदद से पता चला कि विनोद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अपने परिजनों के संपर्क में था। उसने अपना नंबर कुछ दिन के लिए बंद कर दिया था, फिर उससे व राजपाल के मोबाइल नंबर से भी कॉल की थी। बातचीत में सामने आया कि वह बदायूं के उसहैत क्षेत्र में छिपा हुआ था।
विज्ञापन
6 of 12
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसपी देहात के मुताबिक, वारदात में विनोद का परिवार भी शामिल था। घटना में प्रयुक्त कार ओमपाल की है। विनोद ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद सिर को थैले में रखकर नदी किनारे ले गए थे। सिर को गंगा नदी की धारा में फेंक दिया था। पुलिस ने सिर की बरामदगी के प्रयास किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
पुलिस ने पहले दर्ज मामले में नामजद नौ लोगों के नाम हटाकर विनोद, विकास और ओमपाल समेत विनोद की पत्नी, मां, दो बेटों, भाई और भतीजे समेत पांच परिजनों के नाम विवेचना में शामिल किए हैं। मुकदमे में आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।
विज्ञापन
7 of 12
राजपाल के परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रामनिवास ने कहा-विनोद संग चला गया था भाई राजपाल
वारदात के बाद पुलिस 22 नवंबर को राजपाल के घर पहुंची। राजपाल के सौतेले भाई रामनिवास से जानकारी ली। रामनिवास ने पुलिस को बताया कि राजपाल व विनोद की गहरी दोस्ती थी। करीब ढाई माह पहले राजपाल गल्ला बेचकर मिले रुपये साथ लेकर विनोद के साथ चला गया था। इसके बाद से फोन पर संपर्क में रहते थे। अंतिम बार आठ नवंबर को राजपाल से फोन पर बात हुई थी।
8 of 12
राजपाल के परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजपाल की शादी करीब 20 साल पहले पूजा उर्फ सीमा उर्फ कमला से हुई थी, जिनसे उसके पांच बच्चे हैं। छह साल पहले पत्नी बच्चों को लेकर राजपाल को छोड़कर चली गई थी। राजपाल दिल्ली की एक केमिकल फैक्टरी में काम करता था। करीब ढाई-तीन साल पहले हादसे या बीमारी से उसकी आंखों की रोशनी चली गई थी। इसके बाद अकेले पड़े राजपाल ने अपनी पूरी खेती बेच डाली और जीवनभर देखभाल करने की शर्त पर अपना मकान भाई के नाम कर दिया था। बताया यह भी जा रहा है कि विवाद के दौरान पत्नी ने आंख में मिर्च झोंक दी थी। जिससे उसकी रोशनी धीरे-धीरे चली गई।
एसपी देहात ने बताया कि शव राजपाल का होने के खासे साक्ष्य हैं। जरूरत पड़ने पर मृतक के परिजनों को तलाश कर डीएनए भी करा सकते हैं।
9 of 12
राजपाल की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मां की तेरहवीं के बाद राजपाल नहीं लौटा गांव
परिजनों के मुताबिक, राजपाल के पिता हेमराज की मौत के बाद उनकी मां रामदेवी ने देवर बांकेलाल से शादी कर ली थी, जिसका बेटा रामनिवास है। अगस्त माह में मां रामदेवी का निधन होने पर राजपाल गांव आया था, लेकिन तेरहवीं के संस्कार के बाद वापस चला गया था।
मृतक की बांह पर नहीं गुदा था नाम
जांच में सामने आया कि विनोद की बांह में उसका नाम गुदा था। जबकि मृतक की बांह पर कुछ नहीं मिला था। ऐसे में शव विनोद का नहीं होने का शक गहरा गया था।
10 of 12
मौके पर मिला बैग व अन्य सामान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एक साथ बंद हुए थे मोबाइल नंबर, कद के फेर में उलझे हत्यारोपी
पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना को 14 नवंबर को अंजाम दिया गया। उसके बाद शाम 7:52 बजे विनोद, राजपाल, विकास और ओमपाल चारों के मोबाइल फोन एक साथ बंद हुए थे। वारदात को अंजाम देने से पहले इन सभी ने अटेना घाट स्थित एक ढाबे पर साथ बैठकर खाना भी खाया था। पुलिस के अनुसार, अटेना घाट पर सिर लेकर जाने के दौरान उनकी कार सीसी कैमरों में कैद हो गई थी। दूसरी ओर पुलिस ने विनोद की तस्वीर की तलाश शुरू की। पुलिस ने वर्ष 2023 में दर्ज एक पुराने मामले में जेल भेजे जाने के दौरान की विनोद की तस्वीर मंगवाई और उसके साथ खड़े एक कांस्टेबल के साथ उसकी लंबाई का मिलान कराया। तब संदेह यकीन में बदल गया। बिना सिर के मृतक (राजपाल) की लंबाई 140 सेमी थी, जबकि विनोद की लंबाई बिना सिर के 150 सेमी बैठ रही थी।
11 of 12
जांच के लिए पहुंची पुलिस की टीम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कॉल डिटेल और मुंहबोली बहन के सिम ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला। उसके बाद पुलिस बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र के गांव कटरा पहुंची। जहां विनोद किराये के एक मकान में रहता था, वहीं पर उसने मढैया डालकर मढ़ी भी डाल रखी थी। मकान मालिक को फोटो दिखाने पर विनोद के वहां रहने की पुष्टि हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि विकास और उसके परिवार से दिन में 20-20 बार बात हो रही थी।
मौके पर मिला बैग और अन्य सामान राजपाल की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विनोद ने अपनी मुंहबोली बहन के नाम पर एक सिम कार्ड निकाला था। उसी से अपने बेटे आदित्य से बात कर रहा था। बातचीत के दौरान विनोद ने परिजनों से कहा था कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक के पास जाकर अर्जी देकर दबाव बनाए। दूसरी ओर पुलिस को वारदात के बाद विनोद के परिजनों का व्यवहार देखकर भी संदेह हो गया था। सूचना देने के बाद भी परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। दूसरे दिन पत्नी ने पहचान की थी।