फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली में अधूरे पुल से गिरी कार: किसी का सिर फटा तो किसा का दिल और लीवर, शादी में आ रहे थे तीनों दोस्त

Mon, 25 Nov 2024 01:03 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

Bareilly News: बरेली-बदायूं सीमा पर अधूरे पुल के कारण तीन दोस्तों की जान चली गई। कार सवार तीनों दोस्त गूगल मैप के दिखाए रास्ते पर चल रहे थे। पुल खत्म होते ही उनकी कार 20 फुट नीचे जा गिरी, जिससे तीनों की मौत हो गई। 
विज्ञापन
1 of 8
बरेली पुल हादसा - फोटो : अमर उजाला
बरेली के फरीदपुर में भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए गुरुग्राम से निकले तीनों दोस्तों ने टोल टैक्स बचाने के लिए रास्ता बदल दिया। मुरादाबाद-बरेली के बजाय बदायूं होकर फरीदपुर जाने का निर्णय लिया। इस दौरान गूगल मैप पर भरोसा भारी पड़ गया। बरेली-बदायूं सीमा पर अधूरे पड़े पुल से उनकी कार 20 फुट नीचे जा गिरी, जिससे तीनों की मौत गई। मृतकों में मैनपुरी के बिछवां निवासी अमित सिंह (38), फर्रुखाबाद के एमादपुर हीरामन निवासी अजीत सिंह (35) और उनके चचेरे भाई नितिन (30) शामिल हैं। हादसे के बाद शादी की रौनक फीकी पड़ गई। सादगी के साथ रस्में निभाई गईं। 

विज्ञापन

2 of 8
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े मृतक के परिजन - फोटो : अमर उजाला
फरीदपुर में था शादी समारोह  
अजीत सिंह उर्फ विवेक के चचेरे भाई ठाकुर राजेश सिंह रविवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सृष्टि की शादी फरीदपुर स्टेशन के सामने रहने वाले रामू सिंह से तय हुई थी। रविवार को फरीदपुर के राम रहीम बरातघर में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए ये तीनों लोग शनिवार रात को गुरुग्राम से निकले थे। 
विज्ञापन

3 of 8
बरेली पुल हादसा - फोटो : अमर उजाला
पुल से 20 फुट नीचे गिरी कार 
तीन लोग कार से बुलंदशहर, बदायूं होते हुए फरीदपुर पहुंचना चाहते थे, लेकिन अधूरे पुल पर दर्दनाक हादसा हो गया। कार पुल से 20 फुट नीचे गिर गई। पोस्टमार्टम में तीनों की हादसे में मौत होने की पुष्टि हुई। किसी का सिर तो किसी के हृदय व लिवर आदि अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। 

4 of 8
सादगी से पूरी की गईं रस्में - फोटो : अमर उजाला
रात में ही कर दी गई दुल्हन की विदाई 
रविवार शाम फर्रुखाबाद से कन्या पक्ष के कुछ लोग बरातघर में पहुंचे। दुल्हन के भाई रॉबिन ने वर पक्ष को पहले ही बता दिया था कि बैंड बाजे के बिना बरात ले आएं। इसी के मुताबिक बरात पहुंची और रस्में पूरी कर रात में ही दुल्हन की विदाई कर दी गई। रॉबिन ने बताया कि सोमवार को दुल्हन के दोनों चाचा के शवों का फर्रुखाबाद में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
 
विज्ञापन

5 of 8
पोस्टमार्टम हाउस - फोटो : अमर उजाला
आरोप : बदइंतजामी न होती तो न जाती जान
राजेश सिंह व अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि बदइंतजामी ने तीन लोगों की जान ले ली। पुल पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए अवरोधक नहीं रखे गए थे। ऐसी कोई दीवार भी नहीं थी, जिससे अवरोध का अहसास हो और वाहन चालक रुक जाएं। 
विज्ञापन

6 of 8
मृतकों के फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
अजीत के बहनोई प्रमोद सिंह ने आरोप लगाया कि उनके परिजनों के साथ जो हुआ, वह किसी और के साथ न हो, प्रशासन को इसकी व्यवस्था करनी चाहिए। बताया कि वह लोग इस मामले में कानूनी कार्रवाई के बारे में विचार करेंगे। 
 
विज्ञापन

7 of 8
अधूरा पुल - फोटो : अमर उजाला
गूगल मैप पर पूरा दिख रहा पुल
गूगल मैप पर पुल पूरा बना दिखाई दे रहा है। जबकि, पुल निर्माण के कुछ माह बाद ही एप्रोच रोड बह गया था। रामगंगा नदी भी खिसककर फरीदपुर के खल्लपुर गांव की ओर बहने लगी हैं। इससे पुल हवा में लटक रहा है। स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी है, लेकिन बाहर से आ रहे अनजान लोगों के लिए खतरा बना रहता है। इसी वजह से तीन लोगों की जान चली गई।
विज्ञापन

8 of 8
बरेली पुल हादसा - फोटो : अमर उजाला
एक महीने पहले ही पिता बने थे नितिन 
राजेश सिंह ने बताया कि उनके, अजीत व नितिन के पिता सगे भाई थे। इस लिहाज से उनके परिवार को बड़ी क्षति हुई है। अजीत के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। जबकि नितिन एक महीने पहले ही पिता बने थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें