महाकुंभ को लेकर आस्था का सैलाब इस कदर हिलोरें मार रहा है कि अब जेलों के बंदी व कैदी भी संगम के पवित्र जल से स्नान कर रहे हैं। शुक्रवार को बरेली और शाहजहांपुर की जेलों में बंदियों और कैदियों ने संगम के जल से स्नान किया।
विज्ञापन
1 of 5
जेल में संगम के जल से स्नान करते कैदी और बंदी
- फोटो : अमर उजाला
बरेली सेंट्रल जेल और जिला जेल में महाकुंभ से लाए गए संगम के जल से कैदियों और बंदियों को स्नान कराया गया। जेल कर्मी बृहस्पतिवार को ही चार कलश में संगम से जल भरकर लाए थे। वैदिक रीति से मंत्रोच्चार कर इन कलशों की स्थापना की गई। जिला व सेंट्रल जेलों में शुक्रवार को भव्य आयोजन किया गया। इसमें जेल के सभी महिला पुरुष बंदियों को स्नान कराया गया। बता दें कि 17 फरवरी को उन्नाव जेल प्रशासन ने अपने बंदियों व कैदियों को संगम के जल से स्नान कराया था। इसके बाद दूसरी जेलों में भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
विज्ञापन
2 of 5
कुंड में संगम का जल डालते कैदी
- फोटो : अमर उजाला
जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि महाकुंभ के दिनों में जेल प्रशासन ने संगम से पवित्र जल मंगाया था। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे जेल में कलश स्थापना की गई। उसके बाद कैदियों व बंदियों के साथ पूजन कर पवित्र जल से नहलाया गया।
विज्ञापन
3 of 5
संगम के जल में पड़ी गुलाब की पंखुड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
जिला जेल में फिलहाल 1850 कैदी और बंदी हैं। इन सभी को संगम जल से नहलाने के लिए टैंक की व्यवस्था की गई। इसी टैंक के पानी में संगम का पवित्र जल मिलाकर कैदी व बंदियों ने स्नान किया।
4 of 5
कलशों में लाया गया था जल
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय कारागार के जेलर नीरज कुमार ने बताया कि जेल प्रशासन ने प्रयागराज से पवित्र जल लाने के लिए कर्मचारी भेजे थे। इस जल को सामान्य पानी में मिलाकर 1798 कैदियों और 11 बंदियों को स्नान कराया गया। दोनों जेलों को अच्छी तरह सजाया गया, बंदियों व कैदियों में स्नान को लेकर उत्साह है।
शाहजहांपुर जेल में भी हुआ स्नान
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर जिला कारागार में भी महाकुंभ के पावन पर्व पर प्रयागराज संगम तट से पवित्र जल मंगवाकर पूर्ण विधि विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ निरुद्ध सभी महिला एवं पुरुष बंदियों को स्नान कराया गया।