लखीमपुर खीरी में नौ अक्तूबर को अर्बन कोआपरेटिव बैंक में डेलीगेट पद के नामांकन के दौरान सदर से भाजपा विधायक योगेश वर्मा की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, तहरीर के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज विधायक ने बढ़ाई गई पुलिस सुरक्षा वापस कर दी है। इससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, एसपी गणेश प्रसाद साहा ने ऐसी किसी भी जानकारी से इन्कार किया है। रविवार को इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें एएसपी पूर्वी और सीओ विधायक के घर से वापस आते दिखाई दे रहे हैं।
बीते बुधवार को चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने सदर विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मार दिया था। खबर मिलते ही समर्थकों में आक्रोश फैल गया था और करीब छह घंटे तक बैंक के बाहर खीरी रोड पर हंगामा चला था।