फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौलाना तौकीर जेल में बंद: एसआईटी करेगी बरेली बवाल की जांच, 3000 अज्ञात आरोपी किए जा रहे चिह्नित; कई हिरासत में

Sun, 28 Sep 2025 10:58 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

कोर्ट ने बरेली में बवाल कराने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा समेत आठ लोगों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मौलाना तौकीर फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल और अन्य आरोपियों को बरेली सेंट्रल जेल-टू में रखा गया है। वहीं, पुलिस की टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। 
विज्ञापन
1 of 10
Bareilly Violence - फोटो : अमर उजाला
बरेली में आई लव मोहम्मद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन का आह्वान करने वाले इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ आरोपियों को पुलिस ने शनिवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। मौलाना को फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल व अन्य को बरेली सेंट्रल जेल-टू भेजा गया है। एहतियातन जिले में 29 सितंबर की रात 12.30 बजे तक के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प में 22 पुलिस वाले घायल हो गए थे। इस मामले में पांच थानों में दस मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें 125 लोग नामजद हैं। करीब तीन हजार अज्ञात आरोपी हैं। अज्ञात आरोपियों की पुलिस चिह्नित कर रही है। वहीं डीआईजी ने बताया कि सभी मामलों की जांच के लिए विशेष जांच कमेटी (एसआईटी) का गठन किया जाएगा।
विज्ञापन

2 of 10
डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य - फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने शनिवार को संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार को हुए बवाल के मामले में कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, किला, प्रेमनगर और कैंट थाने में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई हैं। 39 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बवाल में शामिल तीन हजार अज्ञात आरोपियों को वीडियो फुटेज के जरिये चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने सभी आठ आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मौलाना तौकीर को फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल और अन्य आरोपियों को बरेली सेंट्रल जेल-टू भेजा गया है।
विज्ञापन

3 of 10
बवाल के बाद की तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
अफसरों पर फेंके गए थे पत्थर 
एसएसपी ने कहा कि पुलिस पर हमले की पहली व बड़ी घटना खलील हायर सेकंडरी स्कूल तिराहे पर हुई। इसमें मौके पर मौजूद राजपत्रित अधिकारियों पर भीड़ ने पत्थर फेंके और पुलिस पर फायरिंग की। यहीं से मौलाना तौकीर के अलावा बाकी सात आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। यहां उपद्रवियों ने दो बाइकों में तोड़फोड़ भी की थी।

4 of 10
पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ी थी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
मौके पर बरामद हुईं ये चीजें 
मौलाना तौकीर के बुलावे पर भीड़ के जुटने की बात सार्वजनिक है। मगर, इसके अलावा भी कई लोग पर्दे के पीछे से साजिश रच रहे थे। उनका क्या उद्देश्य था, यह तथ्य भी पुलिस जांच में स्पष्ट करेगी। एसएसपी ने बताया कि खलील हायर सेकंडरी स्कूल के पास से पत्थर, जूते-चप्पल, पुलिस के टूटे बैरिकेड, एक तमंचा, कुछ कारतूस व खोखे, ब्लेड, चाकू और टूटी बोतल मिली हैं। बोतल से पेट्रोल की गंध आ रही थी।
विज्ञापन

5 of 10
डीआईजी अजय कुमार साहनी - फोटो : अमर उजाला
एसआईटी करेगी जांच
डीआईजी अजय साहनी ने रूट मार्च के दौरान कहा कि तफ्तीश के लिए विशेष जांच कमेटी (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में मौलाना व अन्य आरोपियों पर रासुका भी लगाया जा सकता है। एसएसपी ने कहा कि कोतवाली में दर्ज पांच मामलों की विवेचना सीबीगंज इंस्पेक्टर को दी गई है। साथ ही बारादरी थाने के दोनों मुकदमों की विवेचना इज्जतनगर थाने को सौंपी गई हैं। चूंकि इन मामलों में इंस्पेक्टर ही वादी थे तो विवेचना दूसरी जगह से कराने का नियम है।
विज्ञापन

6 of 10
एसएसपी अनुराग आर्य - फोटो : अमर उजाला
ऐसे चला घटनाक्रम
शुक्रवार रात 
10 बजे : मौलाना ने बयान जारी कर पुलिस-प्रशासन पर आरोप लगाया।
10:30 बजे : अफसरों ने मंत्रणा कर मौलाना की गिरफ्तारी का लिया फैसला।
11 बजे : नजरबंदी स्थल फाइक एन्क्लेव में फरहत के घर पहुंची पुलिस।
12 बजे : डीएम-एसएसपी पहुंचे फाइक एन्क्लेव।
12:05 बजे : मौलाना की गिरफ्तारी की गई।
12:30 बजे : मौलाना को बारादरी थाने लाया गया।
विज्ञापन

7 of 10
बरेली बवाल: एक मामले में मौलाना तौकीर रजा भी आरोपी बनाए गए हैं। - फोटो : अमर उजाला
शनिवार 
सुबह 5:10 बजे : मौलाना को जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
6 बजे : मौलाना को रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
7 बजे : मौलाना को बिथरी स्थित सेंट्रल जेल टू ले जाया गया।
10 बजे : मौलाना को दूसरी जेल में शिफ्ट करने पर मुहर लगी।
11.30 बजे : मौलाना को सेंट्रल जेल टू से रवाना किया गया।
4 बजे शाम : मौलाना को फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में दाखिल किया गया।

8 of 10
एसएसपी अनुराग आर्य - फोटो : अमर उजाला
सात एफआईआर में तौकीर का नाम
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दर्ज किए गए दस में से सात मुकदमों में मौलाना तौकीर का नाम प्रकाश में आया है। जिन लोगों ने पहले दिन पुलिस को पत्र लिखकर दिया कि कोई भी व्यक्ति इस्लामिया मैदान की ओर नहीं आएगा, उन्हीं लोगों ने दो घंटे बाद अपने व्हाट्सएप ग्रुप से यह कहकर पत्र डिलीट कर दिया कि वह फर्जी था। उस पर मौलाना के दस्तखत नहीं हैं। ऐसे लोगों की जांच कराई जाएगी।

9 of 10
मौलाना तौकीर रजा - फोटो : अमर उजाला
मौलाना तौकीर पर कोतवाली में पांच मुकदमे दर्ज
मौलाना तौकीर के खिलाफ पांच मुकदमे कोतवाली में दर्ज हुए हैं। कोतवाल अमित पांडेय की ओर से दर्ज कराए गए मुख्य मामले में मौलाना को मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर दिखाया गया है। इसमें नदीम पार्षद समेत 25 लोग नामजद और 1700 आरोपी अज्ञात दिखाए गए हैं। 
विज्ञापन

10 of 10
बिहारीपुर इलाके में पैदल मार्च करते डीएम और एसएसपी - फोटो : अमर उजाला
मौलाना और साथियों पर इन धाराओं में लिखी रिपोर्ट
प्रेमनगर थाने में मौलाना और उसके साथियों पर पुलिस की तरफ से दस धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बीएनएस की धारा 191(2), 61(2), 49, 223, 221, 121, 132, 324(3), 352 और 351 (2) के तहत मुकदमा लिखा गया है।

इन आरोपियों को भेजा जेल
मौलाना तौकीर रजा खां, मनीफुद्दीन, अजीम अहमद, मोहम्मद शरीफ, आमिर, निहाल, सरफराज पुत्र शमीम, सरफराज पुत्र सलीम।


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें