बरेली में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था का ज्वार लिए शिवभक्तों की लाइन सावन के पहले सोमवार को नाथ मंदिरों में लगी। भक्तों ने अपने आराध्य को नमन कर शिवलिंग पर बेलपत्र, पुष्प, चंदन, मिष्ठान, गंगाजल चढ़ाया और बाबा का आशीर्वाद लिया। प्राचीन त्रिवटीनाथ मंदिर में वनमंत्री, मंडलायुक्त, डीआईजी ने भी जलाभिषेक किया।
सावन के पहले सोमवार को शहर के अलखनाथ मंदिर में रविवार रात से ही जलाभिषेक की शुरुआत हो गई। मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। सोमवार तड़के से ही कांवड़ियों के साथ भक्तों की लाइन भी लगना शुरु हो गई। भक्तों ने शिव चालीसा के साथ आरती का पाठ किया। शहर के बाकी नाथ मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही।