दिल्ली के रानी झांसी मंडी रोड स्थित न्यू अनाज मंडी में हुए भीषण अग्निकांड ने लोगों को अंदर तक हिला दिया है। संकरे रास्ते की वजह से इस हादसे में फंसकर 43 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। हालात बरेली के भी जुदा नहीं हैं। शहर में घनी आबादी वाले तमाम इलाकों में बड़े गोदाम और बाजार हैं, जहां किसी तरह की अनहोनी होने पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने की तो बात ही छोड़िए... दिन में धूप तक नहीं पहुंच पाती है। अमर उजाला की टीम ने सोमवार को जब इन इलाकों का जायजा लिया तो हालात भगवान भरोसे नजर आए। पूर्व में यहां आग लगने की तमाम घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन हालात आज भी जस के तस हैं।