फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली हत्याकांड में नया मोड़: बदमाशों ने नहीं... पति ने दोस्त के साथ किया हेमलता का कत्ल; चौंकाने वाला खुलासा

Fri, 24 May 2024 12:22 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

बरेली हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। गर्भवती विवाहिता हेमलता की हत्या बदमाशों ने नहीं, बल्कि पति ने ही दोस्त के साथ मिलकर की थी। नौ दिनों की जांच के बाद पुलिस ने खुलासा किया है कि राजकुमार ने ही पत्नी की गोली मारकर हत्या की थी।
विज्ञापन
Bareilly Murder Case - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अवैध संबंध के शक में पति राजकुमार ने दोस्त रामबहादुर के साथ मिलकर हेमलता की हत्या की थी। नौ दिनों की जांच के बाद शाही पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया। राजकुमार को शक था कि पत्नी के गर्भ में पल रहा बच्चा किसी और का है।
विज्ञापन


14 मई की शाम पति राजकुमार के साथ मयके से ससुराल बकैनिया वीरपुर जाते समय हेमलता की हत्या कर दी गई थी। राजकुमार ने आरोप लगाया था कि छह बदमाशों ने बाइक रोककर लूट व हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। वह जान बचाकर वहां से भाग निकला था। 

पहले दिन से ही पुलिस को राजकुमार व उसके दोस्त रामबहादुर पर संदेह था। दोनों आरोपी पहले पुलिस को टहलाते रहे पर सख्ती पर टूट गए। नौ दिनों की जांच के बाद पुलिस ने खुलासा किया है कि राजकुमार ने ही अवैध संबंध के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या की थी।
विज्ञापन


रामबहादुर ने हत्याकांड को लूट की घटना बनाने में सहयोग किया था। दोनों दिल्ली भागने की फिराक में थे, तभी आनंदपुर बाजार के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने राजकुमार के खेत के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, दो खोखे, हेमलता के जेवर व दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों को जेल भेज दिया है।

बहनोई से बात करने पर की थी पिटाई
राजकुमार हेमलता पर शक करता था। मोबाइल फोन पर बहनोई से बात करने को लेकर उसने हेमलता की पिटाई भी की थी। उसने अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया था और हेमलता का फोन छीनकर खुद चलाता था। 

 

विवाद होने के कारण हेमलता मायके चली गई थी। तभी राजकुमार को पता चला कि वह गर्भवती है। तब राजकुमार उस पर और ज्यादा शक करने लगा था। इसी को लेकर राजकुमार ने हेमलता की हत्या की योजना बना डाली। हेमलता की हत्या के लिए राजकुमार ने मिर्च बेचकर 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस खरीदा था।

हत्या से पहले दिखाया प्यार
हत्या से पहले राजकुमार हेमलता को मायके ले गया और उसकी मौसी के यहां भी घुमाया। घर लौटते वक्त उसे चूड़ी पहनवाई। इसके बाद घर जाते समय राजकुमार ने बाइक गांव से पहले पुलिया के पास खाली खेत में खड़ी कर दी। हेमलता से गर्भ में पल रहे बच्चे के बारे में पूछा। बहस के दौरान उसने गोली मारकर हेमलता की हत्या कर दी। इसके बाद दोस्त रामबहादुर के साथ मिलकर लूट की कहानी गढ़ी। 

 

रामबहादुर ने बाइक गिरा दी। हेमलता के जेवर निकाल लिए। तमंचा छिपा दिया। राजकुमार का जूता दूसरी तरफ फेंक दिया। राजकुमार ने योजना के तहत रामबहादुर को कई बार कॉल की। गांव में भी लूट होने की सूचना दे डाली। बेहोश होने का नाटक किया। ग्राम प्रधान और रामबहादुर उसे अस्पताल ले गए। कोई जाहिर चोट न होने से अस्पताल वालों ने इलाज नहीं किया तो वह वापस आ गया।

रील बनाती थी हेमलता, राजकुमार ने लगा दी थी पाबंदी
हेमलता रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालती थी। राजकुमार इस पर एतराज जताता था। इसको लेकर भी दोनों में कई बार झगड़ा हुआ था। हेमलता मायके वालों को भी राजकुमार की हरकतों के बारे में बताती थी। इसीलिए हत्याकांड के बाद मायके वालों को राजकुमार पर शक हुआ।

 

जेवर बरामदगी पर पिता को ऐतराज
हेमलता के पिता हरीश कुमार को जब पुलिस ने बरामद जेवर दिखाए तो उन्होंने बतया कि यह उनकी बेटी के नहीं हैं। उन्होंने कागजों पर दस्तखत करने से इन्कार कर दिया। बताया कि काफी जेवर तो बरामद भी नहीं हुए हैं। हरीश ने बताया कि इस मामले में वह मुख्यमंत्री सहित अधिकारियों से शिकायत करेंगे। हालांकि, हत्या के खुलासे को उन्होंने सही माना।

 
विज्ञापन

मानुष पारीक, एसपी साउथ ने बताया कि वीडियो व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर खुलासा किया है। रामबहादुर ने अपनी प्रेमिका को कॉल कर कहा था कि मैं जेल जा सकता हूं। मुझे कॉल मत करना। इस बात का प्रमाण मिलने के बाद ही खुलासा संभव हुआ। पीड़ित परिवार भी संतुष्ट है। जेवरों को लेकर कोई भ्रम है तो आरोपी को रिमांड पर लेकर जांच कर ली जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें