बरेली के थाना फरीदपुर क्षेत्र में कटरी की जमीन पर कब्जे को लेकर हुई गोलीबारी का मुख्य आरोपी सुरेश पाल सिंह तोमर उर्फ सुरेश प्रधान का लंबा आपराधिक इतिहास है। करीब 20 साल से उसका आवास उझानी होने के कारण हिस्ट्रीशीट वहां ट्रांसफर कर दी गई। बृहस्पतिवार को जब एसएसपी समेत कई अधिकारियों ने फरीदपुर कोतवाली में डेरा डाला तो उसके खिलाफ दर्ज केस की सूची तैयार की गई। पता लगा कि सुरेश पर 34 मुकदमे हैं।
फरीदपुर थाने में 1985 में उसके खिलाफ सबसे पहले दो मुकदमे दर्ज हुए। इनमें एक हत्या और दूसरा हत्या की कोशिश का था। वर्ष 1985 में ही बदायूं के थाना दातागंज में डकैती का मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद सुरेश के खिलाफ लगातार केस दर्ज होते रहे। इनमें बलवा, हत्या, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, गुंडा अधिनियम जैसे मामले शामिल हैं। सुरेश प्रधान के खिलाफ सर्वाधिक मामले फरीदपुर थाने में दर्ज हैं।