किसानों ने कर्ज लेकर फसल बोई, लेकिन उसे बारिश ने डुबा दिया। जिससे सब्जी की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। गेहूं, सरसों की फसल में भारी नुकसान हुआ है, जबकि आम का बौर भी गिरने से बागवानों को नुकसान झेलना पड़ेगा। इस तरह मौसम की सबसे ज्यादा मार किसानों पर पड़ी है।
बागपत में पांच हजार हेक्टेयर में सब्जी की फसल उगाई जाती है, जिसमें बागपत और बड़ौत के मुकाबले रटौल और बालैनी क्षेत्र में सबसे ज्यादा किसान सब्जी की फसल उगाते हैं। यहां सोमवार को दोपहर में बारिश और ओलावृष्टि हुई जो देर रात तक होती रही। यहां 25 मिमी बारिश हुई थी, जबकि उससे पहले शनिवार को भी बारिश हुई थी। सोमवार को हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया, जिससे खीरा, टमाटर, तोरई, लोकी, गोभी आदि सब्जियों की फसल खराब हो गई।