बागपत में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए ललित शर्मा के परिजनों ने इस पूरी घटना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुठभेड़ को फर्जी बताते हुए कहा कि ललित बदमाश नहीं था। वहीं पीड़ित पिता ने कहा कि मेरे लाल को फर्जी मुठभेड़ में मार गिराया।
ललित शर्मा का परिवार मूलरूप से बड़ौत में चौधरान पट्टी के शांतिनगर का रहने वाला है और वह करीब 15 साल से मेरठ के परतापुर में रहा है। जिला अस्पताल में शव लेने पहुंचे ललित के पिता अशोक शर्मा ने बताया कि उनका बेटा ललित शर्मा (25) कार चलाता था। वह पिछले करीब चार साल से अपनी पत्नी भावना शर्मा व एक वर्षीय बेटे के साथ गाजियाबाद के नंदग्राम में रह रहा था।