सर, विशाल हमारी बहन पर गंदी नजर रखता था और कुछ दिन पहले फेसबुक पर बहन व मां के प्रति अश्लील टिप्पणी भी की थी, इसलिए तंग आकर हमने विशाल को मौत के घाट उतार दिया। इसका हमें कोई अफसोस नहीं है। यह कहना है विशाल हत्याकांड में पकड़े गए दो हत्यारोपियों का। पुलिस ने मंगलवार को दोनों हत्यारोपियों को मलकपुर गांव के जंगल से एक ट्यूबवेल से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे, एक खोखा, मृतक का मोबाइल भी बरामद किया है।
बागपत में तीन दिन पूर्व मलकपुर गांव के पास जमानत पर बाहर आए आरोपी विशाल पुत्र शीशपाल उम्र 24 निवासी मलकपुर की पूर्व प्रधान कृष्णपाल के मकान के पास गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्यारों ने विशाल के चेहरे व सिर पर छह से अधिक गोलियां मारी थीं। दो से तीन गोली विशाल की कमर पर भी लगी हुई थी। इस मामले में मृतक के पिता शीशपाल ने गांव के ही विशांत व आशीष पुत्रगण लोकेंद्र, लोकेंद्र व विशु पुत्र बिट्टू निवासी मलकपुर को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।