फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में चार बच्चों का कत्ल: स्कूल से लौटने के बाद घर से नहीं निकले थे बच्चे, रात में मारा; पड़ोसी ने खोला राज

Sun, 03 May 2026 11:04 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, अंबेडकर नगर

सार

यूपी के अंबेडकरनगर में हुई चार बच्चों की हत्या जांच में नई जानकारी सामने आई है। पड़ोसी ने बताया कि बच्चे स्कूल से लौटने के बाद घर से नहीं निकले थे। 
बच्चे अकबरपुर स्थित स्कूल में पढ़ाई करते थे। वारदात से पड़ोसी भी सहमे हुए हैं। 
विज्ञापन
1 of 16
ambedkarnagar murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अंबेडकरनगर के अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में शनिवार दोपहर हुई घटना ने सबको झकझोर के रख दिया है। चार बच्चों की बेरहमी से की गई हत्या से मोहल्ले वाले सहमे हुए हैं। पड़ोसियों के मुताबिक चारों बच्चे शुक्रवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद घर से बाहर नहीं निकले थे।

पड़ोसी गुड्डू ने बताया कि चारों बच्चे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान उर्फ सादिया (8) पहितीपुर मार्ग स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे और सभी पढ़ाई में बेहतर थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर बाद स्कूल से घर आने के बाद बाहर नहीं निकले थे।
विज्ञापन

2 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर स्थित घर का शनिवार को जायजा लेने पहुंची डीएम ईशा प्रिया - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
माना जा रहा है कि रात में महिला ने खाने में विषैला पदार्थ मिलाकर बच्चों को बेहोश कर दिया और रात में ही वारदात को अंजाम दे डाला। नियाज अहमद की पत्नी से भले अनबन चल रही हो लेकिन बच्चों से नियमित रूप से बात होती रहती थी। 

 
विज्ञापन

3 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर स्थित घर का शनिवार को जायजा लेने पहुंची एसपी प्राची सिंह - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नियाज ने सुबह अपने घर पर फोन किया तो रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उसने अपने एक साथी को फोन किया तो पता चला कि बच्चे शनिवार को स्कूल भी नहीं गए थे। इसके बाद नियाज को अनहोनी की आशंका हुई। चारों बच्चों की हत्या के बाद नियाज सऊदी अरब से रविवार को वापस आ जाएगा। पुलिस से हुई बातचीत के दौरान नियाज ने पत्नी गासिया के सीधे-सादे होने की बात कही है।

4 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घर के अंदर घटना के साक्ष्य जुटाते डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया व एसपी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अलग-अलग टीमों को सौंपा गया जिम्मा 
एसपी प्राची सिंह ने घटना के जल्द से जल्द खुलासे के लिए छह टीमों का गठन किया है। इनमें हर टीम को अलग-अलग जिम्मा सौंपा गया है। मोहल्ला मुराबाद के आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही एक टीम महिला के मोबाइल का पासवर्ड खोलने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा सीडीआर व अन्य तमाम डिटेल भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका यह भी है कि महिला का किसी से प्रेम प्रसंग तो नहीं चल रहा था और उसी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया है।

 
विज्ञापन

5 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घटना की जानकारी मिलने पर घर के निकट जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गांव में रहता है पूरा परिवार 
बड़े भाई सलीम अपनी पत्नी शकीला के साथ गांव में रहते हैं। भाई मुबारक की पत्नी और बच्चे भी गांव में ही रहते हैं।
 
विज्ञापन

6 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर में शनिवार को घटना की जानकारी मिलने पर घर के निकट जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
17 वर्ष पहले हुई थी शादी
नियाज की शादी लगभग 17 साल पहले भीटी के सम्मनपुर छित्तौनिया की गासिया खातून से हुई थी। गासिया नियाज के मामा मोहम्मद फैजान की बेटी है। करीब सात साल पहले नियाज रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब गया था। मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में पत्नी गासिया के नाम जमीन लेकर दो मंजिला घर भी बनवाया। 

 
विज्ञापन

7 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घटना की जानकारी मिलने पर घर के निकट जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
काम अभी पूरा नहीं हुआ था लेकिन परिवार की सुख सुविधा के पर्याप्त इंतजाम थे। नियाज की मां अमीना और दो भाई सलीम व मुबारक गांव में ही रहते थे। भाई कलीम और करीम भी सऊदी में रहकर नौकरी कर रहे थे। नियाज चार वर्षों से सऊदी से घर नहीं लौटा था। पुलिस ने गासिया के परिजनों को हिरासत में लिया है।

8 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर स्थित घर का शनिवार को जायजा लेने पहुंचे डीआईजी सोमेन वर्मा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परिजनों में आक्रोश 
हत्याकांड के बाद जब बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया तो परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश नजर आया। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद परिजनों को कोतवाली लाया गया। रिश्तेदारों को कोतवाली से बाहर करने का प्रयास किया गया तो पुलिसकर्मियों से परिजनों की कहासुनी भी हुई।
 

9 of 16
आरोपी गासिया खातून - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परदेश में पति ने की दूसरी शादी पत्नी ने चार बच्चों को मार डाला
यूपी के अंबेडकरनगर जिले से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने चार बच्चों का कत्ल कर दिया। वजह चौंकाने वाली है। दरअसल, सऊदी अरब में पाकिस्तानी महिला से दूसरा निकाह कर पति का चार साल से घर नहीं लौटना चार बच्चों के जीवन को निगल गया। अकबरपुर स्थित घर पर बच्चों के साथ रह रही पहली पत्नी शनिवार दोपहर चारों बच्चों की हत्या कर भाग गई। पुलिस पहुंची तो घर अंदर से बंद मिला। 

 

10 of 16
विलाप करती बच्चों की दादी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पहली मंजिल के रास्ते घर में दाखिल होकर कमरे में पहुंची तो चार बच्चों के शव पड़े मिले। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ के साथ महिला की तलाश कर रही है। एसपी प्राची सिंह के अनुसार, पति के दूसरी शादी करने के बाद से पहली पत्नी की उससे अनबन चल रही थी। वह चार साल से घर नहीं लौटा था। इसी तनाव के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

 

11 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर में शनिवार को घर के मुख्य द्वार के निकट घटना के बारे में जानकारी जुटाते पुलिसकर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महरुआ के कसड़ा निवासी नियाज (37) सऊदी अरब में नौकरी करता है। उसने चार साल पहले मीरानपुर, मुरादाबाद में पत्नी गासिया खातून (34) के नाम पर मकान बनवाया था। यहां गासिया अपने बड़े बेटे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया के साथ रहती थी। 

 

12 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घर से मृत बच्चों को मर्चरी हाउस ले जाने के लिए वाहन में ले जाते पुलिसकर्मी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह 7:30 बजे सबसे पहले दूधवाला गासिया के घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह लौट गया। दोपहर तक बच्चों से फोन पर संपर्क न होने पर नियाज ने शहजादपुर निवासी भाभी बकीतुनिशा से पता करने को कहा। इस पर भाभी ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर तीन बजे पुलिस पहुंची तो घर अंदर से बंद था।
 

13 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर में इसी घर में घटी घटना - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस पहली मंजिल की बालकनी पर चढ़कर घर में दाखिल हुई। पहली मंजिल के कमरे में तखत पर बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। सूचना पर डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया, एसपी प्राची सिंह ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। पुलिस को घर से एक मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस ने चारों शवों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

14 of 16
उमरा करने गए पूरे परिवार की एक साथ ली गई तस्वीर। - फोटो : फाइल फोटो
बेरहमी से कत्ल... ईट व हथौड़े से सिर पर किए वार, दीवार और बिस्तर में मिले खून के छींटे
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि कमरे की दीवार से लेकर बिस्तर तक खून के छींटे फैले थे। बच्चों के उल्टी करने के भी निशान मिले हैं। शक है कि हत्या से पहले खाने में कुछ विषैला पदार्थ मिलाकर दिया गया। इसके बाद बेरहमी से हत्या की गई। बच्चों के सिर पर ईंट व हथौड़े से प्रहार किए जाने की आशंका है। हालांकि कमरे से ऐसा कुछ नहीं मिला है।
 

15 of 16
मीरानपुर स्थित घर पर शनिवार को एसपी प्राची सिंह को दिशा-निर्देश देते डीआईजी सोमेन वर्मा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खून व टूटी चूड़ियों के लिए नमूने 
अकबरपुर के मीरानपुर के जिस मकान के अंदर चार शव मिले हैं। उसके मुख्य दरवाजे से करीब आठ फीट ऊंचाई पर बालकनी है। इसी बालकनी से महिला के कूदकर भागने की आशंका है। नीचे खून के निशान व महिला की टूटी चूड़ियों के टुकड़े भी बिखरे थे। फोरेंसिक टीम ने नमूना लिया है।

 
विज्ञापन

16 of 16
मीरानपुर स्थित घर से शनिवार को नियाज के परिजनों को पूछताछ के लिए थाने ले जाती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जांच में प्रथम दृष्ट्या यह पता चल रहा है कि महिला ने ही अपने चार बच्चों की हत्या की। इसके बाद बालकनी से कूदकर भाग गई। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं।- प्राची सिंह, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें