थाना क्षेत्र के हवेलिया ग्रामसभा की आरकेपुरम कालोनी में शनिवार की दोपहर हुई वारदात से कालोनी के लोग दहशत में थे। वारदात के प्रत्यक्षदर्शी गोपाल शुक्ला की आंखों में खौफनाक वारदात का मंजर घंटों तैरता रहा। गोपाल शुक्ला ने बताया कि अचानक युवक दौड़ते हुए आया और तमंचा निकाल अपनी खोपड़ी उड़ा ली। चंद फासले पर खौफनाक मंजर देख वह बदहवास से हो गए। उधर घटना की एक प्रत्यक्षदर्शी महिला तो चीखते हुए घर की ओर भागी। कई घंटों तक वह बोलने की हालत में नहीं थी।