इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर चिंता जताई है। कोर्ट का कहना है कि घर से बाहर निकलने वाला हर व्यक्ति संक्रमण होने के भय में जी रहा है। कोर्ट ने कोविड-19 से निपटने के लिए राज्य सरकार के उठाए गए कदमों की सराहना की मगर, कहा कि यह कोशिशें नाकाफी हैं। अदालत ने प्रदेश सरकार को कई सुझाव दिए हैं साथ ही कोरोना से निपटने के लिए किए जा रहे कार्यों का ब्लू प्रिंट पेश करने के लिए कहा है।
कोर्ट का कहना है कि बाहर निकला कौन सा व्यक्ति कोरोना पाजिटिव है, इसका पता लगाया जाना जरूरी है। मास्क व सेनेटाइजर के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराना जरूरी है। यह आदेश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा तथा न्यायमूर्ति अजित कुमार की खंडपीठ ने कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे अस्पतालों व क्वारंटीन सेंटरों की सुविधाओं की निगरानी के लिए दाखिल जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए दिया है।