Prayagraj News : मतदान के लिए कतार में खड़े लोग।
- फोटो : प्रयागराज
बारा में सीधी लड़ाई को बसपा ने बनाया त्रिकोणीय
जिले में यमुनापार की बारा सुरक्षित विधानसभा सीट पर इस बार दिलचस्प लड़ाई है। कुछ बूथों पर सीधी टक्कर तो कुछ पर त्रिकोणीय लड़ाई देखने को मिली। यहां साइकिल, हाथी के साथ कप-प्लेट के बीच जबरदस्त मुकाबला है।
कुछ इलाकों में हाथ का पंजा भी संघर्ष में रहा। हालांकि, भाजपा का कॉडर वोट चुनाव चिह्न कमल का फूल ईवीएम में न दिखने से भ्रमित से नजर आए। ऐसे में लोगों ने प्रत्याशियों के व्यक्तिगत चरित्र और व्यवहार पर वोटिंग किया। इस लिहाज से इस सीट पर किस पार्टी का पलड़ा भारी रहा, तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी।
बारा विधानसभा में शंकरगढ़, नारीबारी-जारी, अमलियां, पंडुवा, नौढ़ियाकला आदि पोलिंग बूथों पर भाजपा-अपना दल गठबंधन के प्रत्याशी वाचस्पति और सपा प्रत्याशी अजय भारती मुन्ना के बीच सीधी टक्कर रही। यहां बसपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार भी मजबूती से लड़ते नजर आए। सपा प्रत्याशी अजय भारती के साथ जहां लोगों पिछले चुनाव में हार की सहानुभूति रही।
साथ ही लगातार क्षेत्र में जनता के बीच रहना फायदेमंद रहा। वहीं बसपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार को दो बार से इलाके का विधायक होने का फायदा मिला। भले ही हर बार उनका चुनाव निशान बदलता गया। अजय भारती को सपा के कॉडर वोट के साथ अन्य बिरादरी के मत भी मिले हैं। वहीं बसपा प्रत्याशी को कॉडर वोट के साथ दो बार से इलाके का विधायक होने और इलाके के लोगों से व्यक्तिगत संबंध का भी लाभ मिला है। वहीं अपना दल प्रत्याशी वाचस्पति को पटेल बिरादरी के तो मत मिले ही साथ ही भाजपा गठबंधन का भी फायदा मिला है।
तमाम जगहों पर मतदान कर बाहर निकली महिलाएं कमल का फूल चुनाव निशान ईवीएम में न होने से भ्रमित रहीं। ब्राह्मण बाहुल्य लालापुर, नौढ़िया तरहार, बसना, असवां आदि इलाकों में मतों का बिखराव लड़ाई को दिलचस्प बना रहा है। लोग गठबंधन प्रत्याशी के बजाय स्थानीय प्रत्याशी के साथ नजर आए। लेकिन अधिकतर भाजपा-अपनादल गठबंधन प्रत्याशी के साथ रहे। वहीं हाथ का पंजा भी कुछ बूथों पर मजबूती से लड़ाई में रहा।
कांग्रेस प्रत्याशी मंजू संत का इलाके में लगातार सक्रिय रहना और व्यक्तिगत व्यवहार का लाभ मिला। कुल मिलाकर इस सीट पर साइकिल और कप-प्लेट की लड़ाई को हाथी ने त्रिकोणीय बना दिया है। अंतिम बाजी किसके हाथ लगेगी। यह 10 मार्च को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा।