उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की आगामी परीक्षाएं स्थगित हो चुकी हैं और पहले से चल रही परीक्षाओं के परिणाम को लेकर भी संशय है। लाखों परीक्षार्थियों का भविष्य दांव पर लगा है। आयोग फिर पुराने ढर्रे पर लौटता नजर आ रहा है और ऐसे में परीक्षाओं के सत्र कई साल पीछे जा सकते हैं।
आयोग ने जुलाई से दिसंबर तक के अर्धवार्षिक कैलेंडर को स्थगित कर दिया है। इस कैलेंडर की परीक्षा अब अगले साल ही आयोजित की जा सकेंगी, लेकिन आयोग के लिए इससे बड़ी चुनौती पिछली परीक्षाओं का परिणाम जारी करना है। अभ्यर्थियों ने पिछले साल 29 जुलाई को एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा दी थी। एक साल पूरे होने वाले हैं और अब तक प्रमुख विषयों के परिणाम भी घोषित नहीं किए गए हैं। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का पेपर आउट होने का मामला सामने आने और परीक्षा नियंत्रक की गिरफ्तारी के कारण परीक्षा में शामिल हुए चार लाख अभ्यर्थी उहापोह की स्थिति में है। एलटी ग्रेड शिक्षकों के 10768 पदों पर भर्ती पूरी होगी या नहीं, इस पर भी अब असमंजस की स्थिति है।