फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंजीनियर का कत्ल: महज संयोग या साजिश...दोनों घटनाओं में रात 2:30 बजे ही पहुंचा कातिल; सामने आई ये बड़ी जानकारी

Wed, 02 Apr 2025 01:07 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

प्रयागराज में कमांडर वर्क इंजीनियर ने जान को खतरा बताया था। 13 मार्च की रात चोरों ने आवास में सेंध लगाने का प्रयास किया गया था। इसके बाद  उन्होंने सेंट्रल एयर कमांड बमरौली के सीओ को पत्र भेजा था। 
विज्ञापन
1 of 11
मृत इंजीनियर और हत्यारोपी सौरभ - फोटो : अमर उजाला
कमांडर वर्क इंजीनियर (सीडब्ल्यूई) सत्येंद्र नारायण मिश्र की सुरक्षा के मामले में एक बड़ी बात सामने आई है। 13 मार्च की रात हुई घटना की लिखित शिकायत करने और जान का खतरा बताने के बावजूद मामले में एफआईआर नहीं दर्ज कराई गई। इसका खुलासा उस शिकायती पत्र से हुआ है, जो उन्होंने सेंट्रल एयर कमांड बमरौली के सीओ को भेजा था। 

यह शिकायती पत्र उन्होंने 15 मार्च को भेजा था। इसमें बताया था कि 13 मार्च की रात उनके आवास में सेंध लगाने का प्रयास किया गया। दो बदमाशों ने दरवाजे के बाहर लगे जाली के दरवाजे को कटर से काटने का प्रयास किया। आवाज सुनकर जागने पर उन्होंने ललकारा तो बदमाश भाग गए। 
विज्ञापन

2 of 11
हत्या में इस्तेमाल बरामद सामान - फोटो : अमर उजाला
चाकू, पाइप रॉड और ग्रिल कटर भी हुआ था बरामद
उन्होंने इसकी सूचना नॉर्थ कैंप के गार्ड रूम को दी तो एयरफोर्स पुलिस पहुंची। 14 मार्च की सुबह एक बदमाश के एक पैर का जूता परिसर की बाउंड्री के पास नाले में मिला, जिसे जांच टीम ने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा एक चाकू, पाइप रॉड और ग्रिल कटर भी बरामद हुआ। इसके साथ ही दीवार पर पेड़ के पास लगे कंटीले तार भी काटे गए थे। उन्होंने पत्र में लिखा था कि इस घटना से उनकी जान व संपत्ति को खतरा है। अफसर के परिजनों का कहना है कि शिकायत पर सुरक्षा बढ़ाई गई, हालांकि घटना वाली रात रात सुरक्षा नहीं थी। दरअसल इस घटना के कुछ दिन पहले ही परिजन बाहर से लौटे थे। परिजनों को आशंका है कि यात्रा पर जाने के दौरान ही सुरक्षा हटा ली गई। 
विज्ञापन

3 of 11
कमांडर वर्क इंजीनियर सत्येंद्र नारायण मिश्र व हत्यारा सौरभ - फोटो : अमर उजाला
महज संयोग या साजिश दोनों घटनाओं में रात 2:30 बजे ही पहुंचा हत्यारोपी 
मामले में एक चौंकाने वाली बात यह है कि 28 व 13 मार्च की रात सत्येंद्र नारायण के घर चोरों के पहुंचने का समय लगभग एक है। पुलिस अफसरों ने बताया कि हत्या वाली रात आरोपी सत्येंद्र नारायण के घर पर रात 2:40 बजे करीब पहुंचा। उधर, कमांडर वर्क इंजीनियर ने पूर्व में हुई घटना के संबंध में भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि चोर 13 मार्च की रात भी करीब 2:30 बजे उनके घर पर पहुंचे। अब सवाल यह उठ रहा है कि यह महज संयोग है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। 
 

4 of 11
हत्यारोपी सौरभ - फोटो : अमर उजाला
परिजन बोले- कोर्ट की निगरानी में हो जांच
अफसर के परिजनों ने मांग उठाई है कि इस हत्याकांड की कोर्ट की निगरानी में जांच कराई जानी चाहिए। उनका आरोप है कि पुलिस के बावजूद कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। उनका कहना है कि खुलासे के मुताबिक, आरोपी परिसर और घर से बखूबी परिचित था। ऐसे में वह तब क्यों नहीं आया, जब परिवार बाहर था और घरवाले यात्रा पर गए थे और एक दिन पहले ही वापस लौटे। घरवालों का आरोप यह भी है कि हत्या में जिस असलहे का प्रयोग किया गया, उसमें साइलेंसर लगा था, हालांकि पुलिस ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है।

 
विज्ञापन

5 of 11
prayagraj murder - फोटो : अमर उजाला
सवाल यह भी 
उसने ऐसे घर को क्यों चुना, जहां हाल ही में एक घटना हुई थी और परिवार ने सुरक्षा की मांग की थी? 
हाई सिक्योरिटी जाने वाले क्षेत्र में चोरी क्यों? 
मकसद चोरी था तो घर के मालिक को जगाने के लिए दरवाजे (सामने और पीछे) पर दस्तक क्यों? 
अफसर के जागने पर भागने की जगह गोली क्यों चलाई? 
विज्ञापन

6 of 11
सत्येंद्र नाथ मिश्रा की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
चोरी करने पहुंचे युवक ने की थी कमांडर वर्क इंजीनियर की हत्या
भारतीय वायुसेना के बमरौली स्थित मध्य वायु कमान मुख्यालय परिसर में कमांडर वर्क इंजीनियर सत्येंद्र नारायण मिश्र (51) की हत्या के मामले का सोमवार को खुलासा हो गया। पुलिस का दावा है कि चोरी की नीयत से पहुंचे बदमाश ने वारदात अंजाम दी। वारदात की साजिश में वायुसेना कैंपस में अफसरों के घरों में काम करने वाले उसके माता-पिता भी शामिल थे। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

 
विज्ञापन

7 of 11
सौरभ से बरामद सामान - फोटो : अमर उजाला
अपर पुलिस आयुक्त अपराध डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि आरोपी सौरभ कुमार उर्फ बाबू पासी वायुसेना परिसर से लगभग 1.5 किमी दूरी पर स्थित लाल बिहारा गांव की बस्ती में रहता है। उसकी मां सुनीता और पिता शिवकुमार वायुसेना परिसर में संविदा कर्मचारी हैं। पिता सफाईकर्मी है, जबकि मां घरों में काम करती है।

8 of 11
हत्यारोपी सौरभ ने महीने भर पहले ही खरीदा था डेढ़ लाख का आईफोन - फोटो : अमर उजाला
नाकाम रहने पर गोली मारकर की हत्या
सौरभ ने पूछताछ में बताया कि उसकी मां पहले एक-दो बार कमांडर वर्क इंजीनियर के घर जा चुकी थी। एक साल पहले तक वह भी वायुसेना परिसर में ठेके पर मजदूरी करता था। एक बार लकड़ी का मंदिर पहुंचाने वह भी अफसर के घर जा चुका था। यह भी बताया कि उसका बड़ा भाई हनी उर्फ गौतम 25 जनवरी को कौशाम्बी में हुई हत्या के मामले में वहां की जेल में बंद है। उसे छुड़ाने के लिए परिवार को रुपयों की जरूरत थी। अफसर का घर वायुसेना परिसर की बाहरी दीवार से 10-15 मीटर की दूरी पर है। उसे लगा कि वहां उसे 10 लाख तक नकदी मिल जाएगी। उसने घर में चोरी की साजिश रची। इसमें अपने मां-बाप को भी शामिल कर लिया। उसने साजिश के मुताबिक 29 मार्च की भोर में अफसर के घर पहुंचकर भीतर घुसने का प्रयास किया। नाकाम रहने पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी और वहां से भाग निकला।

9 of 11
Prayagraj Engineer Murder - फोटो : अमर उजाला
देशी पिस्टल से मारी गोली, बैग में तमंचा भी लिए था
डीसीपी अभिषेक भारती के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अफसर को देशी पिस्टल से गोली मारी थी। वारदात के वक्त उसके बैग में एक तमंचा भी था। यह असलहे उसने पूरामुफ्ती के ही एक स्थानीय तस्कर से खरीदे थे। डीसीपी ने बताया कि तस्कर को भी हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही दोनों असलहे व चार कारतूस भी बरामद हो गए हैं। इसके अतिरिक्त एक पोर्टेबल गैस कटर भी बरामद किया गया है, जिससे अफसर के घर के दरवाजे में सुराख किया गया था।

10 of 11
कमांडर वर्क इंजीनियर की हत्या की साजिश में शामिल मुख्य आरोपी सौरभ की मां सुनीता व पिता शिव कुमार - फोटो : पुलिस
सीसीटीवी फुटेज से हुआ ट्रेस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तस्वीर अफसर के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। उसने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। फुटेज के सहारे ही छानबीन शुरू की गई। आसपास फुटेज दिखाकर पड़ताल की गई तो हुलिये के आधार पर आरोपी का नाम सामने आया।
 
विज्ञापन

11 of 11
कमांडर वर्क इंजीनियर की हत्या का मुख्य आरोपी सौरभ हादसे में हुआ जख्मी, पैर में हुआ फ्रैक्चर - फोटो : अमर उजाला
13 मार्च की रात भी पहुंचा था चोरी करने
आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में यह भी बताया कि 13 मार्च की रात को भी उसने अफसर के घर चोरी का प्रयास किया था। उस रात वह एक साथी के साथ वहां पहुंचा था। दरवाजा काटने का प्रयास किया था, लेकिन अफसर के शोर मचाने पर औजार छोड़कर भाग निकला। अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि 13 मार्च की रात उसके साथ गए युवक को भी चिह्नित कर हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।


यह भी पढ़ें: इंजीनियर हत्याकांड में बड़ा खुलासा: वारदात में शामिल था ये शख्स, सौरभ का पूछताछ में हैरान करने वाला कबूलनामा




 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें