जिले में कोरोना संक्रमित बढ़े हैं, गंभीरता नहीं। साफ है कि दूसरी लहर के बार अबकी वायरस का वार कमजोर है। बीते 72 घंटों में 53 नए कोविड पॉजिटिव चिह्नित किए गए हैं। संक्रमितों की स्थिति सामान्य है, किसी को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं हैं। कई संक्रमितों में तो किसी तरह के लक्षण ही नहीं दिख रहे हैं। आरआरटी टीमों की जांच के बाद सभी के होम आइसोलेशन के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं।
कोरोना के 14 नए पॉजिटिव मरीज मिले, एक्टिव केस हुए
कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे है। नए साल की शुरुआत के साथ ही जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। सोमवार को कोरोना के कुल 14 पॉजिटिव मरीज मिले। इसके पहले साल केपहले दिन 20 और दूसरे दिन भी 19 संक्रमित मरीज मिलने थे। सोमवार को शहर के जार्जटाउन, दारागंज, अशोक नगर, राजरूपपुर, सदर बाजार, अल्लापुर, नैनी, खुल्दाबाद, चकिया, धूमनगंज में संक्रमित मिले। हालांकि साल के तीसरे दिन सैंपलिंग बढ़ाते हुए आंकड़ा 11,468 तक पहुंच गया।
सोमवार को मिले एक्टिव केसों के बाद शहर में कुल एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 72 हो गई है। दो मरीजों ने अपना होम आईसोलेशन पूरा कर दिया। अन्य मरीजों को अभी होम आईसोलेशन में रखा गया है। सबसे खास बात है कि शहर में मिल रहे कोरोना संक्रमित मरीजों में ज्यादातर मरीजों का कोई यात्रा विवरण नही है। ऐसे में बाहर से आने वाले लोगों के संपर्कमें आने से ही लोग संक्रमित हो रहे है।
नए साल के जश्न की तैयारी में गले पड़ा संक्रमण
कोरोना के नए संक्रमितों में 90 फीसदी ऐसे लोग शामिल हैं, जिन्हें नए साल के जश्न की तैयारी में कोविड जांच करानी पड़ी। संक्रमितों ने जांच करने वाले आरआरटी टीम( रैपिड रिस्पांस टीम) के चिकित्सकों को बताया कि वे नए साल का जश्न मनाने की तैयारी करने के क्रम में कोविड जांच कराई थी।
एयरपोर्ट सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट की अनिवार्यता की वजह से कोविड जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दस फीसदी ऐसे भी संक्रमित हैं, जो शहर के बाहर किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे या सार्वजनिक स्थलों में भीड़ का हिस्सा बने। चिकित्सकों के मुताबिक सभी संक्रमितों की स्थिति सामान्य है, दो दिन पहले संक्रमित हुए कुछ संक्रमितों के मामूली लक्षण भी गुम हो चुके हैं।