फाफामऊ में पुलिस और श्रद्धालुओं में नोकझोंक हुई।
- फोटो : अमर उजाला।
लोग पुलिस और प्रशासन की ट्रैफिक व्यवस्था को कोसते नजर आ रहे हैं। नैनी में तकरीबन पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इसी तरह फाफामऊ, नैनी और अंदावा में भी कई किलोमीटर लंबे जाम में लोग फंसे हैं। बड़े वाहनों की बात तो दूर साइकिल और बाइक सवार भी जाम में फंसकर बेहाल हैं। पुलिस प्रशासन के प्रति लोगों में गहरा आक्रोश रहा। अंदावां में जाम में फंसे गाजीपुर से आए सुरेश चंद्र त्रिवेदी ने बताया कि पुलिस यदि हर सड़क से बैरिकेडिंड हटा दे तो जाम खुद ब खुद समाप्त हो जाएगा।
हर मार्ग पर पुलिस ने अवरोधक लगा दिया है, जहां कोई जरूरत नहीं है वहां पर भी बैरिकेडिंग लगा दी गई है। इसी तरह नए यमुना ब्रिज पर जाम में फंसे सीवान मध्य प्रदेश से आए रघुनाथ प्रसाद चौबे ने बताया कि वह सुबह छह बजे नैनी जंक्शन पर ट्रेन से उतरे हैं और दोपहर दो बजे तक संगम नहीं पहुंच सके हैं।