kumbh 2019
पंजाब से आए महामंडलेश्वर सांवरिया बाबा के शिविर में राम मंदिर निर्माण की कामना से यज्ञ शुरू हो गया। यहां दिन भर आहुति हुई। बाबा बालकानंद महाराज और सिद्धेश्वरी आनंदमयी माता के शिविर में सत्संग सुनने के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं, अनुयायियों की भीड़ संगीतमय भजनों पर झूमती-थिरकती रही। त्रिवेणी बांध उतरते ही जम्मू-कश्मीर की भजन मंडली का कीर्तन सुनने के लिए लोग खड़े रहे। इसी तरह संगम तट पर एक तरफ श्रद्धालु डुबकी लगाते रहे तो दूसरी ओर जगह-जगह माला जपने, ध्यान करने वाले ध्यानियों, बैरागियों की टोलियां अपनी धुन में रमी नजर आईं। ग्वालियर से आए संत प्राण सरन, महंत हरिनाथ और बाबा नाथू राम के अलावा कई संत संगम की रेती पर दिन भर जप, ध्यान करते रहे। अध्यात्म-संस्कृति के इस संगम में तरह-तरह की बोली, वेश वाले भक्त रम गए हैं।