अबकी चौराहे-चौराहे स्पीकरों, लाउडस्पीकरों से होली सहित भाजपा की जीत से जुड़े गीत भी खूब बजे। फिल्मी-गैर फिल्मी गीतों पर युवाओं संग बच्चे भी थिरकते रहे। मोहल्ले, चौराहे की बैठक में भांग, ठंडई का दौर चला तो घरों में गुझिया-पापड़ सहित तरह-तरह के पकवान बनाए गए।
विज्ञापन
1 of 9
Prayagraj News : शनिवार को होली के मौके पर रंग-अबीर गुलाल के साथ लोकनाथ चौराहे पर मस्ती करते होलियारे।
- फोटो : प्रयागराज
रंगपर्व होली पर पूरे दो दिनों तक रंगों की बारिश के बीच उमंग, उल्लास से शहर सराबोर रहा। दारागंज से लेकर मुंडेरा और मीरापुर से लेकर मेहंदौरी तक तकरीबन पूरा शहर रंगबाजों के कब्जे में रहा। बुजुर्गों के बीच भले ही अबीर-गुलाल से शुरुआत हुई लेकिन युवा कहां मानने वाले थे, जमकर रंग बरसे।
अबकी चौराहे-चौराहे स्पीकरों, लाउडस्पीकरों से होली सहित भाजपा की जीत से जुड़े गीत भी खूब बजे। फिल्मी-गैर फिल्मी गीतों पर युवाओं संग बच्चे भी थिरकते रहे। मोहल्ले, चौराहे की बैठक में भांग, ठंडई का दौर चला तो घरों में गुझिया-पापड़ सहित तरह-तरह के पकवान बनाए गए।
होली, जुमा और शबे बरात एक ही दिन पड़ने के बावजूद सभी ने एक दूसरे की भावनाओं का मान रखा और त्योहार सकुशल पूरे हुए। शुक्रवार को चौक, लोकनाथ सहित शहर के ज्यादातर इलाकों में दोपहर तक रंग थम गया था लेकिन शनिवार को यह सिलसिला शाम तक जारी रहा।
चौक चर्च के सामने और लोकनाथ की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। होली का चरम चौक, लोकनाथ में दिखा। होलिका दहन पर पूजन के बाद गाजे-बाजे के साथ रंग,अबीर गुलाल चौक चौराहे पर पहुंचा दिया गया था। लोकनाथ की निराली होली और यादगार बनी। रंगों से एक दूसरे के चेहरे को सतरंगी बनाने सहित ढोलक, झांझ, मजीरा पर फागुनी गीतों के बीच युवा जमकर थिरके।
विज्ञापन
2 of 9
Prayagraj News : शनिवार को होली के मौके पर रंग-अबीर गुलाल के साथ लोकनाथ चौराहे पर मस्ती करते होलियारे।
- फोटो : प्रयागराज
बारजों से बच्चों और महिलाओं ने फेंके रंग
युवाओं की टोलियां घरों, मोहल्लों से निकलकर लोकनाथ चौराहे पर जुटीं तो धीरे-धीरे बच्चे, किशोर, बुजुर्ग भी आ पहुंचे। शुरुआत अबीर-गुलाल से हुई। चौराहे पर रंग और पानी के फव्वारे लगे थे तो टेसू के फूलों से बने रंग भी ड्रमों में घोले गए थे। वहीं बारजों से बच्चे, महिलाएं भी बाल्टियों में रंग भर-भर कर होली खेलने वालों को भिगोती रहीं।
लोकनाथ मिलन संघ के संयोजक रविंद्र पांडेय की देखरेख और संघ अध्यक्ष निखिल पांडे, किशोर चौरसिया, बृजेश पुरवार, शिवनंदन पांडे, विकास मालवीय की अगुवाई में रंगों की बारिश के बीच कागज की पंखुड़ियां उड़ाई गईं तो फूलों की पंखुड़ियों से भी होली खेली गई।
विज्ञापन
3 of 9
Prayagraj News : रानीमंडी में रंग-अबीर गुलाल की मस्ती में सराबोर युवाओं की टोली।
- फोटो : प्रयागराज
मस्ती धमाल के बीच खेली गई होली
मीरापुर, बलुआघाट, अतरसुइया, खुल्दाबाद, दारागंज, कीडगंज, मुट्ठीगंज, बहादुरगंज, अल्लापुर, तेलियरगंज, मम्मफोर्डगंज सहित शहर के तमाम मोहल्लों में दोनों दिन मस्ती, धमाल के बीच जमकर रंग खेला गया। लोकनाथ सहित दारागंज, मुट्ठीगंज, नूरुल्लाह रोड, खुल्दाबाद, खुसरोबाग गेट सहित तमाम जगहों पर सड़कों सहित गलियां, नालियां रंगों से रंगीन हुईं।
मोहल्लों में महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग टोलियां निकलीं और घर-घ्र होली मिलतीं. गुझिया-पापड़ खाती हुईं आगे बढ़ती रहीं। होली मिलन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। कई जगहों पर विविधतापूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
4 of 9
होली के मौके पर लोकनाथ चौराहे पर ट्रेलर पर चढ़ कर मस्ती करते होलियारे।
- फोटो : प्रयागराज
अतरसुइया, चौक, नूरुल्लाह रोड पर कपड़ा फाड़ होली भी
रंगों का सुरूर चढ़ा तो कपड़ा फाड़ने की बारी आई। चौक, लोकनाथ ही नहीं अतरसुइया, नूरुल्लाह रोड पर भी युवाओं ने जमकर होली खेलने के बाद एक दूसरे के कमर के ऊपर के कपड़े फाड़े और एक-एक करके उन्हें बिजली, केबल, टेलीफोन के तारों पर लटका दिए। शर्ट हो या कुर्ता, थोड़ी ही देर में तार-तार करके, बिजली और टेलीफोन के तारों पर लटकते मिले। नंगे बदन को भी रंगने की कोशिश हुई।
विज्ञापन
5 of 9
Prayagraj News : शनिवार को होली के मौके पर रंग-अबीर गुलाल के साथ लोकनाथ चौराहे पर मस्ती करते होलियारे।
- फोटो : प्रयागराज
भाजपाइयों ने खेली भगवा होगी, नंदी ने कार्यकर्ताओं को लगाया गले
यूपी विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपाइयों ने इस बार भगवा होली खेली। पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को जहां भगवा गुलाल लगाया गया तो वहीं शहर दक्षिण के नवनिर्वाचित विधायक नंद गोपाल गुप्ता नंदी और मेयर अभिलाषा ने भी खूब होली खेली। इस दौरान नंदी ने कार्यकर्ताओं को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
भाजपाइयों ने होली के मौके पर इस बार ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ गीत पर जमकर डांस किया। भगवा ध्वज लेकर एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाने के साथ होली की बधाई दी। इस दौरान कीडगंज कार्यालय में महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, राजेश केसरवानी, मनोज मिश्र, गिरजेश मिश्र, विवेक अग्रवाल, अजय सिंह, प्रमिल केसरवानी आदि मौजूद रहे।
उधर दूसरी ओर नंदी ने भी पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों के साथ ही पारिवारिक मित्रों के साथ जमकर होली खेली। मुट्टीगंज चुनाव कार्यालय में आयोजित होली मिलन उत्सव में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक नंदी ने होली खेली। इसके बाद होली मिलन समारोह में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों के संग त्योहार का आनंद लिया।
विज्ञापन
6 of 9
Prayagraj News : दारागंज क्षेत्र में दमकल होली खेलते होलियारें। इस दौरान एक दूसरे पर रंगों की बौछार की गई।
- फोटो : प्रयागराज
उल्लास से रंगोत्सव में सभी हुए शामिल
संस्थाओं और अपार्टमेंट्स कमेटियों की ओर से भी उल्लास के साथ होली मिलन समारोह मनाया गया। स्वास्तिक मैगनोलिया अपार्टमेंट में अध्यक्ष डॉ.सीपी शर्मा के नेतृत्व में हुए होली मिलन समारोह में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने मस्ती, उल्लास में रंगों का आनंद लिया। संयोजक आरजे निवेश ने प्रभावी प्रस्तुति से आनंदित किया। इसी क्रम में टैगोर टाउन निवासी परिषद के तत्वावधान में होलिका दहन के बाद रंगोत्सव मनाया गया। अध्यक्ष शैलेंद्र अवस्थी की देखरेख में पर्व की खुशियां बांटीं गईं। कार्यक्रम में महामंत्री सुभाष सिंह सहित संगीता गोस्वामी, राजेश साहू, दिवाकर मिश्र, विजयकांत आदि मौजूद थे।
वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज जन कल्याण समिति, चकनिरातुल की ओर से हुए समारोह में सभी ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया। संरक्षक श्याम सुंदर सिंह पटेल के आवास परिसर में हुए कार्यक्रम में अध्यक्ष रामनाथ शर्मा, अशोक कुमार पांडे ,जीएल यादव, अमरनाथ आदि मौजूद थे। विश्व बंधुत्व ब्राह्मण महासभा की ओर से प्रो.गिरीश चंद्र त्रिपाठी, अश्विनी दुबे, सत्यप्रकाश पांडेय, अजय प्रकाश आदि की मौजूदगी में ऐंद्री धाम में धूमधाम से होली मिलन समारोह मनाया गया।
विज्ञापन
7 of 9
Prayagraj News : दारागंज क्षेत्र में दमकल होली खेलते होलियारें। इस दौरान एक दूसरे पर रंगों की बौछार की गई।
- फोटो : प्रयागराज
पुतिन, जेलेंस्की ने भी दमकल से बरसाए रंग
शहर से इतर दारागंज की दमकल होली का रंग निराला रहा। मशहूर दमकल युद्ध में अबकी पुतिन और जेलेंस्की भी आ डटे। संयोजक तीर्थराज पांडेय ‘बच्चा भैया’ ने जैसे ही सीटी बजाकर रंगों की युद्ध के लिए न्योता दिया, बुलडोजर बाबा और मोदी के दमकलों संग रूस के राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के नाम वाले दमकल भी पूरे दमखम से रंगों की बौछार करने लगे। दारा सिंह, अमिताभ बच्चन, गंगूबाई,खली वाले दमकल तो थे ही। योद्धाओं ने चश्मा, ढाटा, इयर कैप लगा रखा था।
इससे पहले प्रयागराज सेवा समिति एवं धकाधक संस्थान की पहल पर धकाधक चौराहे से घंटा-घड़ियाल और जयकारे लगाते निकली बरात भगवान वेणी माधव मंदिर पहुंची। यहां दमकल से भगवान वेणीमाधव के चरणों में रंगों की बारिश की गई, फिर सभी बाबा भंडार पहुंचे जहां सुभाष वैश्य, दिनेश, पिंटू शुक्ला ने अबीर-गुलाल लगाकर सभी दमकल योद्धाओं का स्वागत किया।
अंत में मध्य दारागंज स्थित धकाधक चौराहे पर होलियारों की बरात पहुंची जहां अशोक,राजू गुप्ता, विनोद ने स्वागत किया। दोनों ओर सजे सागरों में केवड़ा जल तथा गुलाब जल से सुगंधित रंग भरे थे। रंगयुद्ध के बाद सभी ने अबीर-गुलाल लगाकर एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में धर्मराज पांडेय, शंकरशर्मा, शिवशर्मा, भक्तराज,कन्हैया शर्मा, पुष्पराज, कन्हैया, शाश्वत आदि मौजूद थे।
8 of 9
होली के मौके पर लोकनाथ चौराहे पर ट्रेलर पर चढ़ कर मस्ती करते होलियारे।
- फोटो : प्रयागराज
शहनाई वादन के साथ व्यापारियों ने निकाली बुुलडोजर बरात
यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत का असर होली पर भी दिखा। रंग पर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्यापारियों ने बुलडोजर बरात निकाली। सुलाकी चौराहे से निकाली गई यात्रा में व्यापारियों ने पीएम मोदी और सीएम योगी के चित्र पर गुलाल का टीका लगाने के साथ शहनाई वादन किया। इस दौरान मोदी, योगी जिंदाबाद के नारे भी लगे।
व्यापारी नेता एवं अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमर वैश्य मुन्ना भैया के नेतृत्व में बुलडोजर की बारात योगी सरकार द्वारा माफियाओं के अवैध निर्माण गिरवाने की सराहना की गई। जयपुरिया पगड़ी पहने, ढोल-ताशा की धुन पर यात्रा में शामिल लोग जमकर थिरके। इस अवसर पर कार्यक्त्रस्म के संयोजक अमर वैश्य मुन्ना भैया ने कहा कि होली दिलों को जोड़ने का पर्व है।
यह पर्व जन मानस में एकता भाईचारे का संदेश देता हैं। इस अवसर पर कारोबारी प्रमोद बंसल, राजेश गुप्ता राजा बाबू, आनंद जायसवाल, राजेश चौरसिया, शुभम केशरवानी, राजकुमार वैश्य, शिव मोहन दास, मनोज वैश्य , विवेक गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, शरद केसरवानी, अर्जुन, लल्लन आदि मौजूद रहे।
Prayagraj News : पानी के टैंकर पर चढ़कर होली मनाते होलियारे।
- फोटो : प्रयागराज
कई मोहल्लों में कीचड़, गोबर की भी होली
शहर में रंगों की बारिश से इतर कई मोहल्लों की बस्तियों में कीचड़ और गोबर से भी होली खेली गई। दारागंज कच्ची सड़क, कीडगंज, पड़ाइन का पुरवा, सदियापुर, उमरपुर नीवां, करेलाबाग गांव आदि जगहों पर कीचड़ और गोबर की होली भी खेली गई। कई जगहों पर तो हुड़दंगियों ने साथियों को कूड़े के ढेर पर लिटाकर कीचड़, गोबर लगाया।
ठठेरी बाजार में आज बरसेगा रंग
पूरे शहर में दो दिनों तक रंगों की बारिश के बाद रविवार को ठठेरी बाजार में रंग बरसेगा। लेकिन अबकी यह होली कुछ अलग होगी। ठठेरी बाजार नवयुवक संघ और ठठेरी बाजार व्यापार मंडल के संरक्षक सुशांत केसरवानी, अध्यक्ष आशीष केसरवानी और संयोजक रोहित कसेरा के मुताबिक होली पर बुलडोजर बाबा की प्रतीकात्मक आरती, पूजन के बाद साइकिल की शव यात्रा भी निकाली जाएगी। रामेश्वर मार्केट पर होली के बाद दूल्हा-दुल्हन की बरात भी निकाली जाएगी।
आरएएफ कैंप परिसर में भी बरसा रंग
रंगपर्व पर 101 आरएएफ कैंप परिसर में भी जमकर रंग बरसा। कमांडेंट मनोज कुमार गौतम की देखरेख में होलिका दहन से ही हुई शुरुआत हुई, फिर होली के दिन कमांडेंट ने जवानों संग मिलकर होली खेली। क्षेत्रीय कॉवाध्यक्षा प्रीति गौतम ने भी जवानों के परिजनों संग होली खेली और सभी को शुभकामनाएं दीं।