होलागढ़ में हुई वारदात में जिंदा बची परिवार की एकमात्र सदस्य रचना पांडेय का दोपहर बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया। उसके गले में सात टांके लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से हमले में उसके गले की भोजन नली क्षतिग्रस्त हो गई है। राहत की बात यह रही कि उसकी श्वास नली बच गई।
ऑपरेशन के बाद भी उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है। एसएसपी ने बताया कि महिला की हालत में सुधार होने का इंतजार किया जा रहा है। घटना की चश्मदीद होने के साथ वह एकमात्र है, जिसने हत्यारों को देखा है। उससे पूछताछ में कई अहम बातें सामने आ सकती हैं। उसकी सुरक्षा के लिए अस्पताल में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।