धनतेरस पर बाजारों में जमकर लक्ष्मी बरसी। पंच महोत्सव (इस बार छह दिन) के पहले दिन बाजार झूम उठा। देर रात तक कारोबारियों ने अपनी-अपनी दुकानें खुली रखीं। बाजार में खरीदारी, प्रॉपर्टी के बैनामा और वाहनों की खरीद से शहर की रौनक बढ़ गई।
दोपहर बाद जानसेनगंज, कटरा, चौक, सिविल लाइंस, कोतवाली, राजरूपपुर, सुलेमसराय, मुफ्तीगंज, रामबाग, धूमनगंज, ठठेरी गली, दारागंज और अल्लापुर सहित तमाम इलाके लोगों की भीड़ से पट गए। छह दिवसीय पर्व का आगाज धनतेरस के दिन से शुरू हो गया। लोगों ने अपने घरों और दुकानों में सुख-समृद्धि की कामना के साथ पूजा-अर्चना की।
जानकारों के अनुसार, इस छह दिवसीय पर्व के दौरान इस बार और अधिक कारोबार होने की उम्मीद है। आदर्श व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र गोयल के अनुसार धनतेरस पर्व पर वर्ष 2024 में करीब 1500 करोड़ रुपये और 2025 में 1600 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस बार धनतेरस के दिन 1800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।