फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhath Puja : त्रिवेणी तट पर सूर्योपासना के सैलाब में आस्था-भक्ति-विश्वास का संगम

Sat, 21 Nov 2020 01:31 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
1 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj
गंगा-यमुना और विलुप्त सरस्वती के संगम तट पर शुक्रवार को सूर्योपासना के लोकोत्सव की सांझ आस्था के अनंत उपहारों के मानिंद हर किसी को निहाल कर गई। ढोल, नगाड़ों, बैंजबाजे के साथ सौभाग्य का डाला सजाकर तटों पर षष्ठी के सूर्यदेव को विदा करने के लिए घर-घर से व्रतियों के साथ महिलाएं, बच्चे व बड़े निकल पड़े। गंगा-यमुना के तटों पर जलधारा में खड़ी होकर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर घर, परिवार से लेकर सकल समाज तक की मनोरथ पूर्ति के लिए छठ मइया से अरजी लगाई। शनिवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाएं सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना के इस व्रत का पारण किया जाएगा।
विज्ञापन

2 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj
दोपहर बाद ही घरों से व्रतियों केसमूह घाटों के लिए निकलने लगे। बैंडबाजा के साथ व्रतियों की श्रद्धा और सामर्थ्य का मेल देखते बन रहा था। पति या पुत्रों के सिर पर दीप से प्रज्जवलित डाला सजा तो व्रतियों की हथेलियों पर भी कलश पर दीप जलते रहे। त्रिवेणी संगम से लेकर किला घाट के अलावा रामघाट, काली घाट, दशाश्वमेध घाट, द्रोपदी घाट,बलुआ घाट के अलावा अन्य तटों पर सजी यज्ञ वेदियों पर लोक मंगल का अनुष्ठान शुरू हुआ तो हर तरफ भक्ति भाव का सागर हिलोरें मारने लगा।
विज्ञापन

3 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj
गन्ने के मंडप के बीच ऋतु फलों, फूलों को सूप या बांस के डाला में सजाकर व्रतियों ने डुबकी लगाई और फिर जल केबीच खड़ी होकर डूबते सूर्य की आखिरी किरणों तक के ओझल होने की प्रतीक्षा करने लगीं। दूसरी ओर छठ माता की गीत गाए जाने लगे। नइहरे में मांगीला भाई रे भतिजवा/ससुरे अचल अहिवात ए छठ मइया ...। व्रतियों के भाव नइहर से लेकर ससुराल तक के एक-एक सदस्य की समृद्धि, संपन्नता और खुशहाली के फूट रहे थे। सास की वेदी पर बहुएं डाला पूजती रहीं तो बहू की गोद भरने की कामना से सास हल्दी-चंदन के टीके लगाने के साथ ही मांग से लेकर नाक तक सौभाग्य से लंबे टीके सजाकर छठ माता की आराधना में लीन रहीं।

4 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj
सूर्यदेव के अस्ताचल होने के साथ ही जयकारे गूंजने लगे। इसी के साथ आतिशी नजारे छा गए। पटाके फूटने लगे। वेदियों से डाला उठाकर व्रतियों ने सूर्यदेव को अर्घ्य समर्पित करना शुरू कर दिया। पुत्रों और पतियों ने अर्घ्य दिलाकर सूर्य षष्ठी से अपनी मनौतियां पूरी होने की गुहार लगाई। अर्घ्य देने के बाद महिलाएं डाला में टिमटिमाते दीपों को लेकर परिजनों के साथ घरों के लिए लौट गईं। लेकिन, हजारोें परिवारों के लोग घाट किनारे उन्हीं वेदियों पर रात भर षष्ठी माता के गीतों, भजनों से आराधना कर उगते सूर्य का इंतजार करने लगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj

घाटों पर व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा का हर बंदोबस्त 

छठ पर्व पर घाटों पर व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा का हर बंदोबस्त किया गया। सुरक्षा के लिए जहां संगम मार्ग से लेकर घाटों तक पुलिस मुस्तैद रही, वहीं तटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ ही जल पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती रहीं। कई चेन स्नेचरों और उचक्कों को पुलिस ने घंटों बैठाए रखा। इस दौरान व्रतियों को किसी तरह की असुविधा न होने पाए, इसके लिए पुलिस और प्रशासन के आला अफसर लगातार गश्त भी करते रहे।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें